कैमूर : मोहनिया में तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, एक की मौत, महिला समेत दो की हालत गंभीर

Updated:
विज्ञापन
Kaimur Road Accident

घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया

Kaimur Road Accident : मोहनिया थाना क्षेत्र के एनएच-319 पर संजीवनी अस्पताल के सामने कार और बाइक की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक महिला और फाइनेंस कंपनी का कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है.

विज्ञापन

Kaimur Road Accident : मोहनिया थाना क्षेत्र के घेघिया गांव स्थित एनएच-319 पर संजीवनी अस्पताल के सामने बुधवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक महिला और फाइनेंस कंपनी का कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है.

मृतक और घायलों की पहचान

मृतक की पहचान कुछिला थाना क्षेत्र के कोटा गांव निवासी चन्द्रमा सिंह के 35 वर्षीय पुत्र अनिल कुमार सिंह के रूप में हुई है. वहीं, घायल महिला कुछिला थाना क्षेत्र के कोटा गांव निवासी शिवमुनी सिंह की 35 वर्षीय पत्नी लीलावती देवी तथा घायल फाइनेंस कर्मी बघिनी गांव निवासी स्वर्गीय इबरार अली का 26 वर्षीय पुत्र हसनवाज वारसी बताया जाता है.

लोन की बकाया राशि जमा करने मोहनिया आ रहे थे पीड़ित

घायल लीलावती देवी ने घटना की पृष्ठभूमि बताते हुए कहा कि उनके पति ने करीब दो वर्ष पहले एक फाइनेंस समूह से एक लाख रुपये का ऋण (लोन) लिया था, जिसे जमा नहीं करने के बाद वह घर छोड़कर चले गए. मंगलवार की रात फाइनेंस कंपनी का कर्मी हसनवाज वारसी उनके घर पहुंचा और देर रात तक बकाया राशि की मांग करता रहा. काफी प्रयास के बाद महिला ने गांव से उधार लेकर 7,000 रुपये जमा किए, लेकिन तब भी 1,500 रुपये कम पड़ गए.

रास्ते में हुआ हादसा

फाइनेंस कर्मी ने कहा कि शेष राशि लेकर बुधवार सुबह मोहनिया शाखा चलना होगा, जहां राशि जमा करने के बाद हस्ताक्षर कर देने पर उन्हें आगे परेशान नहीं किया जाएगा. इसी के मद्देनजर बुधवार सुबह लीलावती देवी अपने चचेरे देवर अनिल कुमार सिंह के साथ फाइनेंस कर्मी की बाइक पर सवार होकर मोहनिया आ रही थीं.

Kaimur News : घायल हायर सेंटर रेफर

इसी दौरान घेघिया गांव के पास एनएच-319 पर संजीवनी अस्पताल के सामने पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों सड़क किनारे जा गिरे. घटना के समय गश्ती पर निकली मोहनिया थाना पुलिस ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए तीनों को अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद अनिल कुमार सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि महिला और फाइनेंस कर्मी की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया.

परिजनों में मचा कोहराम

घटना की सूचना मिलते ही मोहनिया पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, भभुआ भेज दिया. हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन भी रोते-बिलखते अस्पताल पहुंच गए, जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था.

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ भेजा

इस संबंध में थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई है, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ भेज दिया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

Also Read : कैमूर: कर्मनाशा ग्रिड में मेंटेनेंस बढ़ा, गुरुवार को भी बिजली आपूर्ति रहेगी ठप

विज्ञापन
Vinod Kumar Singh

लेखक के बारे में

By Vinod Kumar Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन