Kaimur News : कैमूर में बादलों की लुकाछिपी के बीच उमस का टॉर्चर, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
प्रतीकात्मक
Kaimur News कैमूर जिले में पिछले कुछ दिनों से जारी भीषण गर्मी के बाद अब भारी उमस ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है. आसमान में बादलों की आवाजाही तो हो रही है
Kaimur News : अमित कुमार सिन्हा की रिपोर्ट : कैमूर जिले में पिछले कुछ दिनों से जारी भीषण गर्मी के बाद अब भारी उमस ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है. आसमान में बादलों की आवाजाही तो हो रही है, लेकिन इसके बावजूद गर्मी और उमस अपने चरम पर है. मौसम विभाग के मुताबिक, आज बुधवार को भी स्थिति ऐसी ही बनी रहने की आशंका है. दिन में बादलों की ओट से निकलने वाली तेज धूप लोगों को परेशान करेगी, हालांकि बीच-बीच में छिटपुट बादलों के आने से थोड़ी राहत मिल सकती है.
इस सप्ताह नहीं मिलेगी राहत, 40 डिग्री के पार जाएगा पारा
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि इस सप्ताह के अंत तक जिले में इसी तरह की तपिश और उमस बनी रहेगी. लगातार चल रही पुरवा हवा और हवा में 57 प्रतिशत से अधिक आर्द्रता (Humidity) होने के कारण उमस का असर कम नहीं हो रहा है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले दिनों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है.
कैमूर में आज कैसा रहेगा तापमान?
अधिकतम तापमान: लगभग 38 से 41 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
न्यूनतम तापमान: 29 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है.
बादल और हवा की स्थिति: सुबह और शाम के समय आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. पूरब से पश्चिम की ओर 5 से 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हल्की से मध्यम हवाएं चलेंगी.
दोपहर में निकलने से बचें, बरतें ये सावधानियां
मौसम के इस बदले मिजाज को देखते हुए आज बुधवार को भी लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. डॉक्टरों और प्रशासन ने सलाह दी है कि सुबह 10 बजे के बाद बहुत जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलें. अगर बाहर जाना भी पड़े, तो धूप और लू से बचाव के लिए हेलमेट, गमछा, टोपी या छाते का इस्तेमाल जरूर करें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










