कैमूर में अनियंत्रित ट्रैक्टर ने तीन लोगों को रौंदा, एक की मौत, दो घायल, जांच में जुटी पुलिस

दुर्घटना के बाद बहेरा गांव के पास जुटी ग्रामीणों की भीड़ और रोते परिजन
Kaimur News: कैमूर जिले के बहेरा गांव के पास शनिवार शाम एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने पैदल जा रहे तीन लोगों को टक्कर मार दी. हादसे में 32 वर्षीय संतोष कुमार सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए.
दुर्गावती प्रखंड से सच्चिदानंद सिंह की रिपोर्ट
Kaimur News: कैमूर जिले के दुर्गावती प्रखंड अंतर्गत स्थानीय थाना क्षेत्र के बहेरा गांव के निकट शनिवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. यहां दुर्गावती-ककरैत घाट मुख्य पथ पर एक अज्ञात और अनियंत्रित ट्रैक्टर ने सड़क पर पैदल चल रहे तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण दुर्घटना में एक 32 वर्षीय युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ चल रहे दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
हैदसे को लेकर मिली जानकारी के अनुसार, बहेरा गांव निवासी वशिष्ठ सिंह के लगभग 32 वर्षीय पुत्र संतोष कुमार सिंह उर्फ सुघरू सिंह शनिवार की शाम अपने ही गांव के विवेक चौधरी (उम्र लगभग 33 वर्ष) और रामबचन राम (उम्र लगभग 45 वर्ष) के साथ पैदल ही पास के चेहरिया बाजार जा रहे थे. शाम करीब छह बजे जैसे ही ये तीनों लोग अपने गांव के सामने मुख्य सड़क पर पहुंचे और थोड़ी ही दूर आगे बढ़े थे, तभी गुजर रही एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने इन्हें जोरदार धक्का मार दिया.

हादसे में संतोष की गई जान, निजी अस्पताल में चल रहा घायलों का इलाज
इस दुर्घटना में संतोष कुमार सिंह की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, उनके साथ रहे विवेक चौधरी घायल हो गए तथा रामबचन राम को भी शरीर पर हल्की चोटें पहुंची हैं. घटना की जानकारी होते ही स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत इलाज के लिए निकट के ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया गया.
शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई में जुटी पुलिस
इस भीषण सड़क दुर्घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचने के बाद मृतक संतोष कुमार सिंह के शव को अपने कब्जे में ले लिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है.
Also Read : कैमूर में सीएम सम्राट चौधरी के मुंडेश्वरी मंदिर दौरे से पहले प्रशासन अलर्ट, तैयारियों को लेकर हुई अहम बैठक
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सूर्यकांत कुमार
सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं और डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे गया, औरंगाबाद, कैमूर और बक्सर जिलों की स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक मुद्दों और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










