कैमूर में शौच के लिए निकले व्यक्ति की तालाब में डूबने से मौत, दोपहर में पानी पर तैरता मिला शव

Updated:
विज्ञापन
शव के पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचे परिजन

शव के पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचे परिजन

Kaimur News: कैमूर के चैनपुर थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव में शौच के लिए गए 40 वर्षीय हनुमान सिंह की तालाब में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया है.

विज्ञापन

कैमूर से विनोद कुमार सिंह की रिपोर्ट :
Kaimur News:
चैनपुर थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में तालाब में डूबने से 40 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई. मृतक की पहचान सोनबरसा गांव निवासी परमानंद सिंह के पुत्र हनुमान सिंह के रूप में की गई है. इस घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

सुबह शौच के लिए निकले थे

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हनुमान सिंह गुरुवार की सुबह गांव के बाहर शौच के लिए तालाब की ओर गए थे. काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह घर वापस नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता होने लगी. हालांकि, उस समय किसी को भी उनके साथ हुई इस अनहोनी की जानकारी नहीं थी. ग्रामीणों के अनुसार, शौच के दौरान संभवतः उनका पैर अचानक फिसल गया और तालाब गहरा होने के कारण वह उसमें डूब गए, जिससे उनकी मौत हो गई.

दोपहर में पानी की सतह पर तैरता मिला शव, मची चीख-पुकार

घटना का पता गुरुवार की दोपहर बाद चला, जब कुछ ग्रामीण किसी कार्य से तालाब की ओर गए थे. वहां उन्होंने पानी की सतह पर एक शव तैरता हुआ देखा. यह दृश्य देखते ही लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना चैनपुर थाने की पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया. शव की पहचान हनुमान सिंह के रूप में होने के बाद परिजनों को इसकी सूचना दी गई.

चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, भभुआ भेजा गया शव

मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. हनुमान सिंह की पत्नी संगीता देवी पति की मौत की सूचना सुनते ही बेहोश होकर गिर पड़ीं, जिन्हें आसपास मौजूद महिलाओं ने संभाला और ढांढस बंधाने का प्रयास किया. ग्रामीणों ने बताया कि हनुमान सिंह के परिवार में पत्नी के अलावा तीन पुत्रियां और एक पुत्र है. उनके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और अब बच्चों के पालन-पोषण की पूरी जिम्मेदारी उनकी पत्नी के कंधों पर आ गई है.

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पंचनामा तैयार करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया. इस दुखद घटना के बाद पूरे सोनबरसा गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने में जुटे हैं. 

Also Read: कैमूर में दर्दनाक हादसा: पति को बचाने दौड़ी पत्नी भी करंट की चपेट में आई, दोनों की मौत

विज्ञापन
सूर्यकांत कुमार

लेखक के बारे में

By सूर्यकांत कुमार

सूर्यकांत कुमार तीन वर्षों से हिंदी डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. स्थानीय और हाइपरलोकल पत्रकारिता में विशेष अनुभव रखते हैं. कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर का भी व्यावहारिक अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत एक डिजिटल न्यूज चैनल से की और विभिन्न डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कार्य करते हुए समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट प्रोडक्शन का अनुभव हासिल किया है. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन