कैमूर में दर्दनाक हादसा: पति को बचाने दौड़ी पत्नी भी करंट की चपेट में आई, दोनों की मौत

Published by : Suryakant Kumar Updated At : 11 Jun 2026 9:06 PM

विज्ञापन

शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए सदर अस्पताल पहुंचे परिजन

Kaimur News: कैमूर के चांद थाना क्षेत्र के केकड़ा गांव स्थित हनुमान मंदिर में बिजली करंट की चपेट में आने से अमांव गांव के एक वृद्ध दंपती की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

विज्ञापन

कैमूर से विनोद कुमार सिंह की रिपोर्ट :
Kaimur News:
चांद थाना क्षेत्र के केकड़ा गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-219 किनारे स्थित हनुमान मंदिर परिसर में बिजली करंट की चपेट में आने से एक वृद्ध दंपती की दर्दनाक मौत हो गई. गुरुवार को हुई इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मंदिर परिसर में जुट गए. वृद्ध दंपती की एक साथ मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतकों की पहचान चैनपुर थाना क्षेत्र के अमांव गांव निवासी 70 वर्षीय मुराहु बिंद और उनकी 65 वर्षीय पत्नी तारा देवी के रूप में की गई है.

बताया जाता है कि दोनों पति-पत्नी लंबे समय से केकड़ा गांव स्थित हनुमान मंदिर में रहकर पूजा-पाठ और मंदिर की देखभाल किया करते थे. स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों का अधिकांश समय मंदिर परिसर में ही बीतता था और वे नियमित रूप से पूजा-अर्चना में लगे रहते थे.

पति को बचाने दौड़ी पत्नी भी आई करंट की चपेट में

मृतक के पुत्र गिरीश बिंद ने बताया कि सुबह करीब पांच बजे उन्होंने अपनी मां तारा देवी को मंदिर के आसपास टहलते हुए देखा था, जबकि उनके पिता मुराहु बिंद वहां दिखाई नहीं दे रहे थे. परिजनों और ग्रामीणों की आशंका है कि किसी पोल पर बिजली का तार चढ़ाने या उससे संबंधित किसी कार्य के दौरान मुराहु बिंद करंट की चपेट में आ गए. उन्हें तड़पता देख उनकी पत्नी तारा देवी उन्हें बचाने के लिए दौड़ीं, लेकिन वह भी बिजली प्रवाहित तार के संपर्क में आ गईं. करंट लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.

मौके पर मची चीख-पुकार, जांच में जुटी पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के सदस्य मंदिर पहुंचे, जहां दोनों को मृत अवस्था में देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई. आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए. सूचना पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू की. पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया.

निष्पक्ष जांच की मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बिजली संबंधी सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता तो इस तरह की दुखद घटना को टाला जा सकता था. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आखिर किस परिस्थिति में वृद्ध दंपती करंट की चपेट में आए. एक साथ पति-पत्नी की मौत से अमांव गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है.

Also Read: कैमूर: धर्मांतरण और दुष्कर्म मामले की जांच करने पहुंचे SP, फॉरेंसिक जांच के लिए पटना भेजा जाएगा मोबाइल

विज्ञापन
Suryakant Kumar

लेखक के बारे में

By Suryakant Kumar

सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन