कैमूर में ज्वेलरी शॉप से 10 मिनट में 25 लाख की लूट, कस्टमर बनकर आए थे अपराधी, तिजोरी खुलते ही तान दी पिस्टल

Updated:
विज्ञापन
kaimur news

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

Kaimur News: कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र के बहुआरा में अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए एक बड़ी लूट की घटना को अंजाम दिया है. नेशनल हाईवे 319 के पास स्थित खुशबू ज्वेलर्स के दुकानदार को पिस्टल सटाकर तीन बेखौफ अपराधियों ने 25 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर, 50 हजार रुपये कैश और मोबाइल लूट लिया. वारदात को अंजाम देकर अपराधी हवाई फायरिंग करते हुए बिना नंबर की अपाची बाइक से फरार हो गए. पुलिस अपराधियों के छूटे बैग और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच में जुटी है.

विज्ञापन

मोहनिया से शिव कुमार भारती की रिपोर्ट
Kaimur News:
मोहनिया थाना क्षेत्र के बहुआरा में नेशनल हाईवे 319 के बगल में अवस्थित खुशबू ज्वेलर्स में दिनदहाड़े बड़ी लूट की वारदात हुई है. तीन अपराधियों ने दुकानदार आशुतोष कुमार के सिर और पेट पर पिस्टल सटाकर 25 लाख रुपये के नए व पुराने सोने-चांदी के आभूषण, लगभग 50 हजार रुपये नकद और मोबाइल लूट लिया. अपराधी इतने बेखौफ थे कि लूट की घटना को मात्र 10 मिनट में अंजाम देने के बाद दुकान के बाहर और बहुआरा चौक पर दो राउंड फायरिंग करते हुए बिना नंबर प्लेट वाली काले रंग की अपाची मोटरसाइकिल से फरार हो गए.

छीने गए मोबाइल लोकेशन के आधार पर एसडीपीओ ने किया पीछा

घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ गोपाल कृष्ण ने पुलिस बल के साथ मोर्चा संभाला. स्वर्ण व्यवसायी से छीने गए मोबाइल के लाइव लोकेशन के आधार पर पुलिस लगातार अपराधियों का पीछा करती रही, लेकिन अपराधी भागने में सफल रहे. पीड़ित दुकानदार कटराकला के रहने वाले बताए जाते हैं. घटना के बाद इलाके में भारी दहशत का माहौल है और दुकान के बाहर लोगों की भारी भीड़ जुट गई.

कस्टमर बनकर आए थे अपराधी, तिजोरी खुलते ही तान दी पिस्टल

पीड़ित दुकानदार और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दिन के करीब 03:20 बजे काले रंग की बिना नंबर वाली अपाची मोटरसाइकिल पर सवार होकर 25-30 वर्ष की उम्र वाले तीन हथियारबंद युवक दुकान पर पहुंचे. बाइक चालक अपराधी हेलमेट पहने हुए था, उसका दूसरा साथी गमछा से अपने मुंह को बांध रखा था, जबकि तीसरे अपराधी का चेहरा खुला हुआ था. इनमें से एक अपराधी ज्वेलरी दुकान के बगल की मिठाई दुकान पर लड्डू का रेट पूछने लगा. तभी उसका दूसरा साथी ज्वेलरी दुकान पर पहुंचकर सोने का लॉकेट दिखाने की मांग करने लगा.

दुकानदार द्वारा दिखाए गए सोने के लॉकेट को उसने पसंद नहीं किया और दूसरा लॉकेट दिखाने को कहा. जैसे ही आशुतोष ने तिजोरी खोली, बाहर खड़ा तीसरा अपराधी अंदर घुस गया और दुकानदार के सिर और पेट पर पिस्टल सटा दी. इतने में लॉकेट देखने वाले अपराधी ने नए और पुराने जेवरातों को बोरी में भर लिया. इसमें दुकानदार के पिता ब्रजेश सेठ द्वारा दूसरे गांव से फेरी कर लाए गए पुराने जेवरात भी शामिल थे.

पकड़ने दौड़े ग्रामीण तो अपराधियों ने किया हवाई फायर

लूटपाट करने के बाद तीनों अपराधी सड़क पर पहुंचे, जहां दुकान के सामने अपनी अपाची बाइक खड़ी की थी. तभी पीड़ित रोते हुए चिल्लाने लगा. यह सुनकर बगल का मिठाई दुकानदार भी अपराधियों को पकड़ने के लिए दौड़ा, लेकिन एक अपराधी ने तुरंत फायरिंग कर दी जिससे लोग डर गए. अपराधी अपाची मोटरसाइकिल पर सवार होकर बहुआरा चौक की तरफ भागे. वहां भी हल्ला होता देख अपराधियों ने चौक पर हवाई फायरिंग की और परसथुआं की तरफ फरार हो गए.

अपराधियों का बैग छूटा, दो जिंदा कारतूस और नकाब बरामद

भागने के क्रम में अपराधियों का एक बैग वहीं छूट गया. अपराधी अपने साथ इस बैग में लेडीज पर्स, ग्लव्स, नकाब और दो कारतूस रखे हुए थे. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से अपराधियों के उस बैग को जब्त कर लिया है और उसमें से दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. पुलिस इस बरामद सामान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

Also Read: कैमूर में बड़ा हादसा टला, 11 हजार वोल्ट के तार पर गिरा हाईटेंशन लाइन, केबल लगाने की मांग

विज्ञापन
सूर्यकांत कुमार

लेखक के बारे में

By सूर्यकांत कुमार

सूर्यकांत कुमार तीन वर्षों से हिंदी डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. स्थानीय और हाइपरलोकल पत्रकारिता में विशेष अनुभव रखते हैं. कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर का भी व्यावहारिक अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत एक डिजिटल न्यूज चैनल से की और विभिन्न डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कार्य करते हुए समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट प्रोडक्शन का अनुभव हासिल किया है. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन