कुदरा नगर पंचायत का 55 करोड़ से अधिक का बजट सर्वसम्मति से पारित, विकास योजनाओं पर खर्च होंगे 48.36 करोड़
Published by : Vikas Jha Updated At : 02 Jun 2026 8:44 PM
कुदरा नगर पंचायत का का बजट सर्वसम्मति से पारित
Kaimur News: कुदरा नगर पंचायत की विशेष बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 55 करोड़ रुपये से अधिक का विकास बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया. बैठक में मौजूद सभी 16 सदस्यों ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया, जिसके तहत विकास योजनाओं पर 48.36 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.
Kaimur News (सतेन्द्र प्रताप सिंह की रिपोर्ट): कैमूर जिले के कुदरा नगर पंचायत की विशेष बैठक मंगलवार को आयोजित की गई. यह बैठक मुख्य पार्षद सुरेंद्र पाल की अध्यक्षता व कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) उजाली राज की उपस्थिति में संपन्न हुई, जिसमें वित्तीय वर्ष 2026-27 के विकास बजट को सर्वसम्मति से अनुमोदित कर दिया गया. बैठक में उपस्थित सभी 16 सदस्यों ने बजट प्रस्ताव का पूरा समर्थन किया और इसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया. जानकारी के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट पर विचार के लिए यह विशेष बैठक पहले 29 मई को बुलाई गई थी, लेकिन अपरिहार्य कारणों से इसे स्थगित कर 2 जून को आयोजित किया गया. मुख्य पार्षद सुरेंद्र कुमार पाल के निर्देश पर कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा सभी जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों को बैठक की सूचना समय पर दी गई थी.
55.03 करोड़ रुपये अनुमानित आय
पारित बजट के आंकड़ों के अनुसार, नगर पंचायत के पास पूर्व की शेष राशि 18 करोड़ 47 लाख 15 हजार 705 रुपये 90 पैसे उपलब्ध है. वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नगर पंचायत की कुल अनुमानित आय 55 करोड़ 03 लाख 61 हजार 188 रुपये निर्धारित की गई है. इसके साथ ही आगामी वित्तीय वर्ष में विभिन्न योजनाओं के लिए अनुमानित व्यय (खर्च) 48 करोड़ 36 लाख 82 हजार 531 रुपये रखा गया है. इस बजट के पूरी तरह लागू और पारित होने के बाद नगर पंचायत के पास अंतिम शेष राशि 25 करोड़ 24 लाख 94 हजार 361 रुपये रहने का अनुमान लगाया गया है.
जनकल्याणकारी योजनाओं के विस्तार पर चर्चा
इस विशेष बैठक के दौरान नगर पंचायत क्षेत्र के चहुंमुखी विकास कार्यों, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए जरूरी वित्तीय प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई. सभी वार्ड पार्षदों और अधिकारियों ने क्षेत्र की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए बजट के आवंटन पर सहमति जताई. बजट को बिना किसी विरोध के हरी झंडी मिलने के बाद नगर पंचायत प्रशासन ने खुशी जाहिर की है और कहा है कि आगामी वित्तीय वर्ष में नगर क्षेत्र के विकास कार्यों को और अधिक गति दी जाएगी, जिससे आम जनता को सीधा लाभ मिल सके.
Also Read: तेज बारिश से लालापुर सड़क बनी झील, डेढ़ करोड़ के नाले के बाद भी जलजमाव से लोग परेशान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










