भभुआ में उमस बढ़ते ही बिजली ने बढ़ाई मुश्किलें, लो वोल्टेज और कटौती से लोग परेशान

सांकेतिक तस्वीर
भभुआ शहर और आसपास के इलाकों में उमस भरी गर्मी के साथ ही बिजली की लो वोल्टेज और लगातार कटौती की समस्या गहरा गई है. इसके कारण लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है और कई इलाकों में पानी की आपूर्ति भी बाधित हो रही है.
Bhabua Low Voltage Problem : कैमूर के भभुआ शहर और आसपास के इलाकों में उमस भरी गर्मी के साथ ही बिजली की आंख-मिचौली और लो वोल्टेज की समस्या गहरा गई है. लगातार हो रही कटौती और कम वोल्टेज के कारण लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है. कई इलाकों में पानी की आपूर्ति भी बाधित हो रही है, जबकि विभाग ओवरलोड और लोकल फॉल्ट को इसकी मुख्य वजह बता रहा है.
Kaimur News : लो वोल्टेज से गर्मी में बढ़ी लोगों की परेशानी
शहर के चकबंदी रोड, अखलासपुर सहित कई इलाकों में उपभोक्ताओं ने बताया कि पिछले कई दिनों से बिजली की आपूर्ति लगातार प्रभावित है. दिन के साथ-साथ रात में भी लो वोल्टेज की समस्या बनी रहती है. पंखे और अन्य विद्युत उपकरण ठीक से नहीं चलने के कारण उमस भरी गर्मी में लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है.
बिजली रहने पर भी नहीं मिल रही राहत
स्थानीय लोगों का कहना है कि मेंटेनेंस, तार बदलने और ओवरलोड के नाम पर घंटों बिजली काटी जा रही है. बिजली आने पर भी वोल्टेज इतना कम रहता है कि पंखे और मोटर ठीक से काम नहीं करते. इससे कई क्षेत्रों में पेयजल संकट भी गहराने लगा है.
उपभोक्ताओं ने सुनवाई नहीं होने का लगाया आरोप
चकबंदी रोड के सुनील साह, पप्पू सिंह तथा अखलासपुर के रमेश सिंह और दिनेश समेत कई लोगों ने बताया कि लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो रहा है. सरकार 24 घंटे बिजली देने का दावा कर रही है, लेकिन जमीनी स्थिति इससे अलग दिखाई दे रही है.
फीडर पर असमान लोड से बढ़ रही दिक्कत
जानकारों के अनुसार विभिन्न ट्रांसफार्मरों और फीडरों पर संतुलित लोड नहीं होने के कारण बार-बार तार टूटने, ट्रांसफार्मर जलने, फ्यूज उड़ने और ट्रिपिंग जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं. वहीं कम वोल्टेज के कारण उपभोक्ताओं के बिजली उपकरण खराब होने की शिकायतें भी बढ़ रही हैं.
जेई बोले- ओवरलोड और लोकल फॉल्ट है वजह
भभुआ के विद्युत कनीय अभियंता (जेई) रामाकांत सिंह ने बताया कि लोकल फॉल्ट और ओवरलोड के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है. उन्होंने कहा कि जहां भी समस्या की सूचना मिल रही है, वहां विभाग की टीम जल्द से जल्द समाधान करने का प्रयास कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










