कैमूर: मोहनिया अस्पताल में डॉक्टर से मारपीट मामले की जांच तेज, DSP ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

DSP ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
कैमूर के मोहनिया अनुमंडल अस्पताल में डॉक्टर के साथ हुई मारपीट की घटना ने हड़कंप मचा दिया है. डीएसपी खुद घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं. क्या है पूरा मामला और अब तक क्या कार्रवाई हुई, जानें.
Mohania Doctor Assault Case Kaimur : कैमूर के मोहनिया अनुमंडल अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर के साथ हुई मारपीट के मामले की जांच तेज हो गई है. शुक्रवार को मोहनिया डीएसपी गोपाल कृष्ण अस्पताल पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर चिकित्सकों एवं अस्पताल कर्मियों से घटना की पूरी जानकारी ली.
Kaimur news : डीएसपी ने अस्पताल पहुंचकर की जांच
शुक्रवार को डीएसपी गोपाल कृष्ण ने अनुमंडल अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया और डॉक्टरों व कर्मचारियों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई. उन्होंने मामले से जुड़े सभी पहलुओं की समीक्षा करते हुए जांच को आगे बढ़ाया.
युवक की मौत के बाद भड़का था विवाद
गौरतलब है कि सोमवार रात सड़क दुर्घटना में घायल एक युवक को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल लाया गया था. जांच के दौरान उसकी मौत हो गई. इसके बाद परिजनों और साथ आए कुछ लोगों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर को उनके चेंबर से बाहर खींचकर मारपीट की थी. घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था.
डॉक्टरों ने ओपीडी सेवा की थी बंद
डॉक्टर के साथ मारपीट की घटना के विरोध में मंगलवार को अस्पताल के चिकित्सकों ने करीब ढाई घंटे तक ओपीडी सेवा ठप रखी थी. सूचना मिलने पर एसडीएम और सिविल सर्जन अस्पताल पहुंचे थे. अधिकारियों ने चिकित्सकों के साथ बैठक कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया था.
एक आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
एसडीएम द्वारा कार्रवाई के लिए समय दिए जाने के बाद अस्पताल के उपाधीक्षक की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई गई. पुलिस अब तक एक आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है. मामले की विस्तृत जांच के लिए डीएसपी स्वयं अस्पताल पहुंचे और घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जानकारी जुटाई.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










