देशभक्ति के रंग में रंगा रामपुर का इंद्रा परशुराम सिंह महाविद्यालय, छात्र-छात्राओं ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा
तिरंगा यात्रा में शामिल लोग | Prabhat Khabar Network
इंद्रा परशुराम सिंह महाविद्यालय, रामपुर ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत एक शानदार तिरंगा यात्रा का आयोजन किया. प्राचार्य डॉ. विजय कृष्ण के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने देशभक्ति के नारों के साथ पूरे गांव में यात्रा निकाली.
80वें स्वतंत्रता दिवस के पूर्व "हर घर तिरंगा" अभियान के तहत शुक्रवार को रामपुर प्रखंड क्षेत्र के इंद्रा परशुराम सिंह महाविद्यालय, मईडांण, बेलाव में देशभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला. महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं की उपस्थिति में प्राचार्य डॉ. विजय कृष्ण के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गयी.

महाविद्यालय प्रांगण से गांव होते हुए वापस प्रांगण में हुआ समापन
तिरंगा यात्रा महाविद्यालय प्रांगण से शुरू होकर लगभग एक किलोमीटर की दूरी तय करते हुए मईडांण गांव से होकर पुन: महाविद्यालय प्रांगण में समाप्त हुई. पूरे रास्ते छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के हाथों में तिरंगा लहराता रहा. \"वंदे मातरम् \" और \"भारत माता की जय \" के गगनभेदी नारों से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया. गांव के दोनों ओर खड़े लोगों ने यात्रा का स्वागत किया. गांव की महिलाओं ने छतों से खड़े होकर यात्रा का अभिनंदन किया.
"कर्तव्यनिष्ठा ही सच्ची देशभक्ति है" - प्राचार्य
यात्रा के समापन पर प्राचार्य डॉ. विजय कृष्ण ने छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि हमारे लिए यह गौरव का दिन है कि हम सब मिलकर तिरंगा यात्रा का आयोजन कर रहे हैं. यह तिरंगा सिर्फ तीन रंगों का कपड़ा नहीं, बल्कि हमारे देश की आन, बान और शान का प्रतीक है.
उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य हमारे भीतर देशभक्ति की भावना को जागृत करना और उन वीर सपूतों को नमन करना है जिन्होंने देश के लिए अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया. तिरंगा हमें एकता, शांति और प्रगति का संदेश देता है.
प्राचार्य ने आगे कहा कि देशभक्ति केवल नारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिये. जब तक हम पूरी ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे और महाविद्यालय तथा समाज में अनुशासन स्थापित करेंगे, तभी यह सच्ची देशभक्ति होगी. आइए हम सब संकल्प लें कि हम देश का गौरव बढ़ाएंगे और इस तिरंगे का मान-सम्मान कभी कम नहीं होने देंगे.
शिक्षकों और छात्राओं की रही बड़ी भागीदारी
तिरंगा यात्रा में सहायक प्रधानाध्यापिका सीमा सिंह, अभिषेक सिंह, गायत्री सिंह, राहुल कुमार सिंह, बनारसी दुबे, बृजेश कुमार, जूली कुमारी, नीतू कुमारी सहित महाविद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिका एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए. कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान के साथ यात्रा का समापन किया गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








