जहानाबाद : अमथुआ शरीफ में आज सजेगा सालाना उर्स, चादरपोशी और खास दुआ के साथ देर रात तक चलेगी महफिल-ए-समा

Updated:
विज्ञापन

सज धज कर तैयार आसताना एवं खानकाह | Prabhat Khabar Network

जहानाबाद के अमथुआ शरीफ में हजरत सैयद शाह मोहम्मद हयात रहमानी का सालाना उर्स 9 अगस्त को धूमधाम से मनाया जाएगा। कार्यक्रम की पूरी जानकारी यहाँ पढ़ें।

विज्ञापन

जहानाबाद. जिले के प्रसिद्ध सूफी संत हजरत सैयद शाह मोहम्मद हयात रहमानी रहमतुल्लाह अलैह अमथुआ शरीफ का सालाना उर्स 9 अगस्त रविवार को पारंपरिक शान-शौकत के साथ आयोजित होगा. कार्यक्रम पीर-ए-तरीकत हजरत सैयद शाह इरफान अहमद, सज्जादानशीन, खानकाह हयातिया, अमथुआ शरीफ की देखरेख में होगा. उर्स को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं.

जायरीन के स्वागत के लिए सजाया गया आस्ताना

अमथुआ पंचायत के मुखिया सैयद मेराज अहमद सुड्डू ने बताया कि उर्स में बड़ी संख्या में जायरीन के पहुंचने की उम्मीद है. इसे देखते हुए आस्ताना और खानकाह को आकर्षक ढंग से सजाया गया है. आयोजन को लेकर स्थानीय स्तर पर भी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं.

फजर की नमाज के बाद शुरू होगा कार्यक्रम

उर्स की शुरुआत बाद नमाज फजर कुरआन खानी, कुल और फातेहा से होगी. इसके बाद बाद नमाज जोहर लंगर की तकसीम की जायेगी. वहीं बाद नमाज असर महफिल-ए-मिलादुन्नबी का आयोजन किया जायेगा, जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल होंगे.

मजार पर होगी चादरपोशी और खास दुआ

बाद नमाज मगरिब हजरत सैयद शाह मोहम्मद हयात रहमानी रहमतुल्लाह अलैह के मजार पर चादरपोशी की जायेगी. इस दौरान देश और राज्य में अमन, शांति और खुशहाली के लिए विशेष दुआ की जायेगी.

ईशा के बाद देर रात तक चलेगी महफिल-ए-समा

उर्स के अंतिम चरण में बाद नमाज ईशा महफिल-ए-समा का आयोजन होगा. यह कार्यक्रम देर रात तक चलेगा. उर्स के दौरान धार्मिक और आध्यात्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में जायरीन और स्थानीय अकीदतमंदों के शामिल होने की संभावना है.

मंत्री से लेकर जायरीन तक होंगे शामिल

सैयद मेराज अहमद सुड्डू ने बताया कि उर्स में ओलेमा और मशायख के साथ बिहार सरकार के मंत्री, स्थानीय सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन के अधिकारी भी शामिल होंगे. इसके अलावा देश के विभिन्न शहरों से जायरीन और बड़ी संख्या में स्थानीय अकीदतमंद अमथुआ शरीफ पहुंचेंगे.

जिले के प्रसिद्ध सूफी संत हैं हजरत हयात रहमानी

हजरत सैयद शाह मोहम्मद हयात रहमानी रहमतुल्लाह अलैह जिले के प्रसिद्ध सूफी संतों में शुमार हैं. उनके आस्ताना पर आम दिनों में भी बड़ी संख्या में अकीदतमंद पहुंचते हैं. सालाना उर्स के दौरान यहां श्रद्धा और आस्था का विशेष माहौल देखने को मिलता है.


विज्ञापन
Ashok Jehanabad

लेखक के बारे में

By Ashok Jehanabad

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन