जहानाबाद में सफाई कर्मियों की हड़ताल, वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर ठाकुरबाड़ी में धरना

Updated:
विज्ञापन

ठाकुरबाड़ी में मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन करते नगर परिषद के सफाई कर्मी | Prabhat Khabar Network

जहानाबाद में नगर परिषद के सफाईकर्मी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। वे वेतन वृद्धि और एजेंसी द्वारा की जा रही कटौती के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।

विज्ञापन

जहानाबाद. नगर परिषद की सफाई एजेंसी में काम करने वाले सफाई कर्मियों ने शनिवार को कामकाज ठप कर दिया. वेतन बढ़ोतरी समेत अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सफाई कर्मियों ने शहर के ठाकुरबाड़ी स्थित पानी टंकी के समीप धरना प्रदर्शन किया. कर्मियों का कहना है कि मांगों को लेकर जिलाधिकारी और नगर परिषद को ज्ञापन देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है.

624 रुपये प्रतिदिन वेतन की मांग

सफाई कर्मी केंद्र द्वारा निर्धारित अनस्किल्ड वर्कर के बराबर 624 रुपये प्रतिदिन वेतन की मांग कर रहे हैं. कर्मियों के अनुसार, वर्तमान में सफाई एजेंसी की ओर से 424 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से भुगतान किया जाता है. उनका आरोप है कि इसमें कई तरह की कटौती भी की जाती है, जिसके बाद वास्तविक भुगतान 400 रुपये से भी कम रह जाता है.

PF कटौती को लेकर भी सवाल

सफाई कर्मियों ने पीएफ के नाम पर भी कटौती का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि पीएफ के नाम पर 1500 रुपये से अधिक की कटौती की जाती है, जबकि करीब 500 रुपये ही जमा कराये जाते हैं. कर्मियों ने इस राशि पर ब्याज नहीं मिलने का भी आरोप लगाया है. उनका कहना है कि वेतन से होने वाली कटौती का पूरा विवरण भी उन्हें नहीं दिया जाता.

सुपरवाइजर पर पैसे मांगने का आरोप

सफाई कर्मियों ने एजेंसी के सुपरवाइजर पर काम देने के बदले पैसे मांगने का गंभीर आरोप लगाया है. उनका कहना है कि पैसे नहीं देने पर पुराने कर्मियों की जगह नये सफाई कर्मियों को रख लिया जाता है. नये कर्मियों को काम पर रखने के नाम पर भी वसूली किये जाने का आरोप लगाया गया है.

सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग

सफाई कर्मियों ने सफाई कार्य के दौरान सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की भी मांग की है. उनका कहना है कि काम के दौरान हेलमेट, दस्ताने, साबुन समेत जरूरी प्रोटेक्शन सामग्री नहीं दी जाती है. कर्मियों ने मांग की कि सफाई कार्य एजेंसी के बजाय नगर परिषद की निगरानी में कराया जाये.

नगर परिषद ने माना वेतन में कटौती का मामला

नगर परिषद के उपमुख्य पार्षद पिंटू राजा ने बताया कि वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर एजेंसी के सफाई कर्मी हड़ताल पर हैं. उन्होंने शनिवार को काम नहीं किया. उनके अनुसार, सफाई कर्मी केंद्रीय अनस्किल कर्मियों के बराबर वेतन की मांग कर रहे हैं.

राज्य सरकार की दर और भुगतान में अंतर

उपमुख्य पार्षद ने बताया कि राज्य सरकार के अनुसार अनस्किल कर्मियों के लिए 436 रुपये प्रतिदिन की दर निर्धारित है. एजेंसी की ओर से कटौती के बाद करीब 392 रुपये प्रतिदिन का भुगतान किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि एजेंसी को मजदूरों के वेतन से की जाने वाली कटौती का पूरा विवरण देना चाहिए.

महंगाई भत्ते का लाभ नहीं मिलने का आरोप

उपमुख्य पार्षद ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से हर वर्ष दो बार अनस्किल लेबर के महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी की जाती है. आरोप है कि एजेंसी की ओर से इसका लाभ सफाई कर्मियों को नहीं दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि इस मामले में एजेंसी से बातचीत की जायेगी और सफाई कर्मियों की समस्या का समाधान कराने का प्रयास किया जायेगा.

जहानाबाद में महिला की गोली मारकर हत्या, पूर्व पति समेत 3 पर केस, 2 साल का मासूम हुआ अनाथ


विज्ञापन
Sanjay Anurag

लेखक के बारे में

By Sanjay Anurag

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन