जहानाबाद में अस्पताल मोड़ से अरवल मोड़ तक अतिक्रमण का कब्जा, हर दिन जाम से लोग परेशान

सड़क पर सजी फुटपाथी दुकान
जहानाबाद शहर की सड़कें हर सुबह अतिक्रमणकारियों के कब्जे में आ जाती हैं, जिससे पैदल चलने वालों और वाहनों को भारी परेशानी होती है. प्रशासन द्वारा बार-बार कार्रवाई के बावजूद अतिक्रमणकारियों पर कोई असर नहीं हो रहा है.
जहानाबाद शहर की सड़कें सुबह होते ही अतिक्रमणकारियों के कब्जे में आ जाती हैं. फुटपाथों और सड़कों पर दुकानें सजने से पैदल यात्रियों का चलना मुश्किल हो जाता है, वहीं वाहनों का परिचालन भी प्रभावित होता है. यह स्थिति लगभग हर दिन शहर के विभिन्न इलाकों में देखने को मिल रही है. जिला प्रशासन ने पूर्व में वेंडिंग जोन का निर्माण कर फुटपाथी दुकानदारों को वहां दुकानें आवंटित कर शिफ्ट कराया था. साथ ही अभियान चलाकर शहर की सड़कों को अतिक्रमणमुक्त बनाने का प्रयास भी किया गया था. इसके बावजूद अतिक्रमणकारियों पर इसका विशेष प्रभाव नहीं दिख रहा है और वे दोबारा सड़कों व फुटपाथों पर कब्जा जमा रहे हैं. सुबह होते ही अरवल मोड़, अस्पताल मोड़, काको मोड़ और मलहचक मोड़ सहित प्रमुख चौक-चौराहों पर फुटपाथी दुकानदार अपनी दुकानें सजा लेते हैं. इससे सड़कें संकरी हो जाती हैं और वाहनों के साथ-साथ राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. लग्न के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो जाती है. फुटपाथों पर कब्जा होने के कारण लोगों को मजबूरन सड़क पर चलना पड़ता है. बची हुई सड़क पर टेंपो चालकों की मनमानी से जाम की स्थिति बनी रहती है. सबसे अधिक परेशानी अस्पताल मोड़ पर होती है, जहां बाजार तक पैदल पहुंचना भी कठिन हो जाता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नियमित रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान नहीं चलाया गया तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है.
प्रशासनिक कार्रवाई का भी नहीं हो रहा असर
प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने को लेकर अभियान चलाकर अतिक्रमणकारियों को सड़कों से हटाया जाता है, लेकिन इसका कोई दूरगामी असर होता नहीं दिख रहा है. तू डाल-डाल-मैं पात-पात के तर्ज पर अतिक्रमणकारी फिर से सड़कों पर कब्जा जमाने से बाज नहीं आ रहे हैं. प्रशासन द्वारा अतिकमण हटाने के बाद एक-दो दिनों तक तो सड़कें खाली दिखती हैं लेकिन फिर से अतिक्रमणकारियों का कब्जा हो जाता है. प्रशासनिक कार्रवाई का भी उन पर कोई असर पड़ता नहीं दिख रहा है. प्रशासन द्वारा बार-बार कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी जा रही है लेकिन अतिक्रमणकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंग रहा है और वे अतिक्रमण कर अपना व्यवसायी चलाने में मस्त देखे जा रहे हैं.
क्या कहते हैं पदाधिकारी
शहर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए बेंडिंग जॉन बनाया गया है. बेंडिंग जोन में फुटपाथी दुकानदारों को जगह दी गई है. इसके बाद भी अगर सड़क पर दुकान लगाते हैं तो उन पर कार्रवाई की जायेगी. राजीव रंजन सिंह, एसडीओ, जहानाबाद
अरवल में टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा, डीएम ने स्क्रीनिंग और जांच में तेजी के दिए निर्देश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










