jehanabad News : शाम ढलते ही छूट रही कंपकपी ठंड से अपने घरों में दुबक रहे लोग

Updated:
विज्ञापन
jehanabad News : शाम ढलते ही छूट रही कंपकपी ठंड से अपने घरों में दुबक रहे लोग

जिले में इन दिनों शीतलहर का प्रकोप जारी है. बर्फीली पछुआ हवा के कारण लोगों में कंपकपी छूट रही है

विज्ञापन

जहानाबाद नगर. जिले में इन दिनों शीतलहर का प्रकोप जारी है. बर्फीली पछुआ हवा के कारण लोगों में कंपकपी छूट रही है और कंबल व रजाई के नीचे भी ठिठुरन महसूस हो रही है. मौसम की अधिक ठंड के कारण अधिकांश लोग घरों में ही कैद हैं और सड़कों पर आवाजाही कम देखी जा रही है. हालांकि दोपहर में धूप खिलने से लोगों को थोड़ी राहत मिल रही है. घरों के छात्रों पर बैठकर लोग धूप की गर्मी का आनंद ले रहे हैं, जिससे ठंड से राहत मिल रही है. लेकिन शाम होते ही ठंड का प्रकोप बढ़ जाता है और लोगों को अपने कदम वापस घर में खींचने पड़ते हैं. पिछले कई दिनों से मौसम के तेवर अचानक तल्ख हो गये हैं. सप्ताह के पहले दिन सोमवार को धूप निकलने और उसमें तपिश होने से लोगों ने थोड़ी राहत महसूस की. मंगलवार को भी दोपहर में धूप खिली, लेकिन सुबह में कोहरे की काली चादर फैली रही. ठंड के कारण बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लोग गर्म कपड़ों में नजर आये. स्वेटर, जैकेट, मफलर, टोपी, ग्लव्स और ट्राउजर की दुकानों पर भारी भीड़ रही और बिक्री में तेजी देखी गयी. लोग ठंड से बचने के लिए कपड़ों की खरीद में जुटे रहे. इस विकराल मौसम से आम नागरिकों के साथ काम-काजी लोग भी परेशान हैं. शहर के चौक-चौराहों पर ग्रामीण क्षेत्र से आए काम की तलाश में लोग ठिठुरते दिखे. रिक्शा, टेम्पो, ठेला आदि चलाने वाले लोग सवारी न मिलने के कारण दिनभर इंतजार करते रहे और शाम को निराश लौटे. ठंड ने जहां लोगों की दैनिक गतिविधियों को प्रभावित किया है, वहीं आम से लेकर खास सभी के जीवन को कठिन बना दिया है. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड का प्रकोप इसी तरह बना रह सकता है, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गयी है.

हीटर और गीजर का बाजार गर्म, बढ़ी डिमांड

जहानाबाद नगर. ठंड बढ़ते ही गीजर और रूम हीटर की मांग बढ़ गयी है. अब तक सर्दी से जुड़े उपकरणों के बाजार में सन्नाटा था, लेकिन बीते कुछ दिनों से मौसम में ठंडक बढ़ने के साथ ही बाजार गुलजार हो गया है. इस वर्ष पिछले साल की तुलना में हीटर, गीजर और ब्लोअर के दामों में कुछ इजाफा भी देखा जा रहा है. बाजार में कई तरह के हीटर उपलब्ध हैं, जिनमें ऑयल हीटर की मांग सबसे अधिक है. इसके अलावा कार्बन हीटर, हाइलोजन रॉड, सन हीटर और माइक्रो हीटर भी खरीदे जा रहे हैं. हीटर की कीमत उसकी क्षमता और बिजली की खपत के अनुसार तय हो रही है. बाजार में 800 रुपये से लेकर 15 हजार रुपये तक के हीटर उपलब्ध हैं. वहीं गीजर की मांग भी तेजी से बढ़ी है. इंस्टेंट गीजर के साथ 25 और 35 लीटर क्षमता वाले गीजर ज्यादा बिक रहे हैं. इस बार इलेक्ट्रॉनिक गीजर भी बाजार में आये हैं, जिनकी कीमत पांच हजार से 35 हजार रुपये तक है. उपभोक्ता अब कीमत के साथ बिजली की खपत पर भी ध्यान दे रहे हैं, जिससे लोकल और ब्रांडेड दोनों तरह के उत्पाद बिक रहे हैं. इसके साथ ही ऊनी कपड़े और कंबल का बाजार भी गर्म है. फुटपाथों और कश्मीरी ऊलेन बाजारों में किफायती दामों पर गर्म कपड़े और कंबल उपलब्ध हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Shah Abid Hussain

लेखक के बारे में

By Shah Abid Hussain

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन