अरवल में 18 अगस्त से शुरू होंगे कार्यक्रम, हर गुरुवार लगेंगे संत रविदास शिविर
विडियो कॉन्फ्रेंसिंग करते डीएम | Prabhat Khabar Network
अरवल में संत रविदास जयंती पर जिला से पंचायत स्तर तक कलश यात्रा और शिविर आयोजित होंगे। सरकारी योजनाओं का लाभ और सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
Arwal News : अरवल में संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर अरवल जिले में जिला स्तर से लेकर पंचायत और टोला स्तर तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव, बिहार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की और व्यापक जनभागीदारी, प्रभावी प्रचार-प्रसार तथा बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
18 से 20 अगस्त तक निकलेगी कलश यात्रा
जिला और पंचायत स्तर पर 18 अगस्त से 20 अगस्त तक कलश यात्रा निकाली जाएगी. इसके लिए पहले से मार्ग निर्धारित कर सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया है. कलश यात्रा में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, युवाओं और आम लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी.
हर गुरुवार लगेगा संत रविदास शिविर
27 अगस्त से 15 फरवरी 2027 तक प्रत्येक गुरुवार जिले के सभी टोलों में संत रविदास शिविर आयोजित किए जाएंगे. शिविरों में राशन कार्ड, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र सहित विभिन्न जनसेवाओं और कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.
शिविर में उसी दिन होगा आवेदनों का निस्तारण
शिविरों में प्राप्त आवेदनों का यथासंभव उसी दिन निष्पादन करने और लाभुकों को प्रमाण-पत्र व स्वीकृति पत्र उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी. इसका उद्देश्य लोगों को सरकारी सेवाओं और योजनाओं का त्वरित लाभ दिलाना है.
युवा और विद्यार्थियों के लिए होंगी प्रतियोगिताएं
संत रविदास जी के विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए इंटर-स्कूल खेल प्रतियोगिता, साइकिल रैली, वाद-विवाद और निबंध लेखन प्रतियोगिता समेत कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इनमें विद्यार्थियों और युवाओं की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी.
IEC वैन से चलेगा जागरूकता अभियान
कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार और जनजागरूकता के लिए प्रमंडलवार IEC वैन के माध्यम से अभियान चलाया जाएगा. विकास मित्रों की सक्रिय भूमिका के साथ जनप्रतिनिधियों और स्थानीय समुदाय को भी कार्यक्रमों से जोड़ा जाएगा.
डीएम ने अधिकारियों को दिए तैयारी पूरी करने के निर्देश
बैठक के बाद जिला पदाधिकारी अमृषा बैंस ने संबंधित पदाधिकारियों को संत रविदास जयंती से जुड़े सभी कार्यक्रमों की तैयारियां समय पर पूरी करने, विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और प्रभावी प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
कार्यक्रमों के माध्यम से संत रविदास जी के सामाजिक समरसता, समानता, भाईचारे और मानव कल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









