फुटपाथ पर कब्जा, सड़क पर पार्किंग... जहानाबाद में पैदल चलना भी बना चुनौती

Updated:
विज्ञापन
शहर के मेंन रोड और शिवाजी पथ में फुटपाथ पर दुकान का रखा माल और सड़क पर खड़ी बाइक | Prabhat Khabar Network

शहर के मेंन रोड और शिवाजी पथ में फुटपाथ पर दुकान का रखा माल और सड़क पर खड़ी बाइक | Prabhat Khabar Network

जहानाबाद शहर के मुख्य बाजार में फुटपाथों पर दुकानदारों और वाहनों के कब्जे से पैदल चलना लोगों के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है. बार-बार अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाए जाने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है.

विज्ञापन

jehanabad News : जहानाबाद शहर के मुख्य बाजार में पैदल चलना भी लोगों के लिए चुनौती बन गया है. फुटपाथों पर स्थायी और अस्थायी दुकानदारों का कब्जा है, जबकि सड़क किनारे बाइक और स्कूटी खड़ी रहने से राहगीरों के लिए बीच सड़क पर चलने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचता. तेज रफ्तार वाहनों के बीच पैदल चलना लोगों के लिए हर दिन जोखिम भरा साबित हो रहा है.

फुटपाथ पर कब्जा, सड़क पर उतरने को मजबूर लोग

शहर की अधिकांश फुटपाथों पर दुकानदारों ने सामान फैला रखा है. वहीं ठेला, चौकी और प्लास्टिक बिछाकर फुटपाथी दुकानदार भी सड़क किनारे दुकानें सजा लेते हैं. इसके बाद सड़क किनारे बची जगह पर दोपहिया वाहन खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे पैदल चलने वालों को बीच सड़क से गुजरना पड़ता है.

अतिक्रमण हटता है, फिर लौट आता है

जिला प्रशासन की ओर से कई बार अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया. इस दौरान सामान जब्त करने और जुर्माना लगाने जैसी कार्रवाई भी हुई, लेकिन अभियान खत्म होते ही फुटपाथों पर फिर से कब्जा हो जाता है. स्थायी दुकानदार भी दुकान का सामान फुटपाथ तक फैला देते हैं.

वेंडिंग जोन बनने के बाद भी नहीं बदली स्थिति

फुटपाथी दुकानदारों के लिए वेंडिंग जोन बनाया गया है, लेकिन अधिकांश दुकानदार वहां जाने के बजाय मुख्य सड़कों और बाजार में ही दुकान लगाना पसंद करते हैं. इससे शहर में यातायात व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है.

बाजार में रोज लगता है जाम

सब्जी मंडी, पीलीकोठी रोड, सट्टी मोड़, शिवाजी पथ और मुख्य बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोग सड़क किनारे ही बाइक, स्कूटी और साइकिल खड़ी कर देते हैं. संकरी सड़कों पर एक वाहन के प्रवेश करते ही लंबा जाम लग जाता है, जिससे लोगों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ती है.

चारपहिया और ऑटो भी बढ़ा रहे परेशानी

मुख्य बाजार में बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक है, लेकिन चारपहिया और तिपहिया वाहन दिनभर बाजार में आते-जाते रहते हैं. दुकानों पर माल की ढुलाई भी दिन में ही होती है, जिससे जाम की समस्या और गंभीर हो जाती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि दिन के समय चारपहिया और ऑटो के प्रवेश पर भी रोक लगनी चाहिए.

सड़कें हुईं संकरी, बढ़ा अतिक्रमण

स्थानीय बुजुर्गों के अनुसार, पहले बाजार की सड़कों पर ट्रक तक पहुंच जाते थे, लेकिन वर्षों से बढ़ते अतिक्रमण के कारण सड़कें लगातार संकरी होती चली गईं. अब स्थिति ऐसी हो गई है कि कई स्थानों पर केवल बाइक या पैदल ही निकलना संभव है.

फिर चलेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान : एसडीओ

अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रंजन सिन्हा ने कहा कि शहर में कई बार अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर फुटपाथों को खाली कराया गया है. उन्होंने बताया कि जल्द ही दोबारा विशेष अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके.


विज्ञापन
Sanjay Anurag

लेखक के बारे में

By Sanjay Anurag

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन