पेपर लीक छात्र आंदोलन की जांच के लिए जहानाबाद पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष, पीड़ित परिवारों से मिले

Updated:
विज्ञापन
पीड़ित परिवार से मिलते कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम | Prabhat Khabar Network

पीड़ित परिवार से मिलते कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम | Prabhat Khabar Network

जहानाबाद में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने छात्र आंदोलन के पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और छात्रों की रिहाई व मुकदमे वापस लेने की मांग की।

विज्ञापन

jehanabad News : जहानाबाद में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम शनिवार को जहानाबाद पहुंचे. उन्होंने पेपर लीक मामले को लेकर हुए छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज, फायरिंग तथा छात्रों पर दर्ज मुकदमों की जांच की और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की.

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से कनौदी बाईपास पर जिलाध्यक्ष प्रो. संजीव कुमार के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का फूल-मालाओं से स्वागत किया. इसके बाद उन्होंने जिलाधिकारी आवास के समीप उस स्थल का निरीक्षण किया, जहां छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई हुई थी.

पीड़ित परिवारों से मिलकर सुनी शिकायतें

प्रदेश अध्यक्ष ने ऊंटा मदारपुर और एरकी मोहल्ले में छात्र आंदोलन से जुड़े पीड़ित परिवारों से मुलाकात की. परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने निर्दोष छात्रों को घरों से उठाकर मारपीट की और जेल भेज दिया.

सरकार की मंशा पर उठाए सवाल

राजेश राम ने कहा कि सरकार की कार्रवाई से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है. उन्होंने कहा कि सरकार पहले ही छात्र आंदोलन से जुड़े मुकदमे वापस लेने और गिरफ्तार छात्रों को बिना शर्त रिहा करने की घोषणा कर चुकी है, लेकिन जहानाबाद में अब तक इस दिशा में कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे सरकार की मंशा पर सवाल उठते हैं.

एसपी ने दिया आश्वासन

प्रदेश अध्यक्ष ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर पीड़ित परिवारों की बातें उनके समक्ष रखीं. कांग्रेस नेताओं के अनुसार, एसपी ने आश्वासन दिया कि मुकदमों में नामित किसी भी छात्र को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाएगा तथा सरकार के निर्देशानुसार बंद छात्रों को जल्द रिहा करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.

रिहाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज करेगी कांग्रेस

एसपी के आश्वासन के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने उम्मीद जताई कि सभी छात्र जल्द रिहा होंगे. उन्होंने कहा कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो कांग्रेस छात्रों के अधिकारों की लड़ाई को और तेज करेगी. इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता चंद्रभूषण राजपूत, रजत कुमार, कुमारी ऋचा, अमित मंडल, प्रांतीय नेता अशोक प्रियदर्शी, पूर्व जिलाध्यक्ष हरिनारायण द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे.


विज्ञापन
Ashok Jehanabad

लेखक के बारे में

By Ashok Jehanabad

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन