जहानाबाद में पकड़ी गयी 80 लाख की शराब, हरियाणा से पटना जा रही थी ट्रक

Updated:
विज्ञापन

बरामद शराब एवं जप्त ट्रक | Prabhat Khabar Network

जहानाबाद के उमता धरनई के पास उत्पाद विभाग ने हरियाणा से पटना जा रही ट्रक से 735 कार्टन शराब बरामद की। दो तस्कर गिरफ्तार, जांच जारी।

विज्ञापन

जहानाबाद. मद्य निषेध टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पटना-गया रोड स्थित उमता धरनई के समीप हरियाणा से शराब की खेप लेकर पटना जा रहे एक ट्रक को पकड़ा. ट्रक की तलाशी के दौरान 735 कार्टून में करीब 6523 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गयी. बरामद शराब की कीमत करीब 80 लाख रुपये बतायी जा रही है.

80 लाख रुपये की शराब हुई बरामद

उत्पाद विभाग के अनुसार, ट्रक से बरामद शराब अलग-अलग ब्रांड और अलग-अलग मात्रा की है. शराब जब्त होने के कई घंटे बाद तक विभाग की ओर से सभी ब्रांड और उनकी मात्रा की पूरी जानकारी स्पष्ट नहीं की जा सकी थी. अधिकारियों ने बताया कि बरामद शराब हरियाणा से लोड की गयी थी और इसकी डिलीवरी पटना में होनी थी.

राजस्थान के दो शराब तस्कर गिरफ्तार

उत्पाद अधीक्षक ने गिरफ्तार आरोपितों की पहचान प्रवीण सिंह और रमेश कुमार मीणा के रूप में की है. दोनों राजस्थान के रहने वाले बताए जा रहे हैं. हालांकि, पूछताछ के दौरान दोनों का स्थायी पता और राजस्थान के किस जिले या गांव से संबंध है, इसकी पूरी जानकारी पुलिस को नहीं मिल सकी है. ट्रक के चालक और उपचालक को गिरफ्तार कर लिया गया है.

ट्रक में बना रखा था गुप्त तहखाना

शराब तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचाने के लिए ट्रक में विशेष तहखाना बना रखा था. इसी गुप्त जगह में रॉयल स्टैग, किंगफिशर समेत अलग-अलग ब्रांड की शराब छिपाकर रखी गयी थी. पुलिस के अनुसार, तस्करों ने ट्रक को इस तरह तैयार किया था कि सामान्य जांच के दौरान शराब का पता लगाना मुश्किल हो.

भूसी के बोरों के बीच छिपायी गयी थी शराब

पुलिस से बचने के लिए ट्रक के अगल-बगल प्लास्टिक के बोरों में भूसी भरकर रखी गयी थी. अधिकारियों का मानना है कि चेकिंग पॉइंट पर स्कैनर की जांच से शराब की खेप को बचाने के उद्देश्य से ट्रक में तहखाना बनाया गया था. इसी में शराब के कार्टून छिपाकर रखे गये थे.

20 हजार रुपये के बदले ट्रक पटना पहुंचाने की बात

पूछताछ में गिरफ्तार चालक से पुलिस को जानकारी मिली है कि हरियाणा से शराब से भरा ट्रक पटना पहुंचाने के लिए उसे दिया गया था. इसके बदले उसे 20 हजार रुपये देने की बात सामने आयी है. पुलिस अब चालक से मिली जानकारी के आधार पर शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.

शराब तस्करी के नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस

उत्पाद विभाग ने बरामद शराब और ट्रक को जब्त कर लिया है. मामले में उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जायेगी.

जहानाबाद : कलेर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कोर्ट के गैर-जमानती वारंट पर दो वारंटी गिरफ्तार


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन