स्वतंत्रता दिवस को लेकर जहानाबाद में तैयारियां तेज, राष्ट्रगान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी में जुटे छात्र
जहानाबाद शहर के बाजार में स्वतंत्रता दिवस के झंडे और अन्य सामग्रियों से पटी दुकान | Prabhat Khabar Network
जहानाबाद में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां जोरों पर हैं। सरकारी कार्यालयों और स्कूलों में साफ-सफाई, परेड रिहर्सल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी शुरू हो गई है।
jehanabad News : जहानाबाद जिले में स्वतंत्रता दिवस को लेकर तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं. गांधी मैदान से लेकर समाहरणालय, अनुमंडल अधिकारी कार्यालय, उपविकास आयुक्त कार्यालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पुलिस लाइन, व्यवहार न्यायालय, मंडल कारा, कारगिल चौक, जिला परिषद कार्यालय, नगर परिषद कार्यालय और सिविल सर्जन कार्यालय समेत सभी सरकारी कार्यालयों में तैयारी चल रही है. सरकारी और निजी स्कूलों व संस्थानों में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं.
गांधी मैदान से कार्यालयों तक शुरू हुई सफाई
स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए झंडोत्तोलन स्थल और मैदानों की साफ-सफाई शुरू कर दी गई है. मैदान में उगी घास-फूस और खर-पतवार हटाए जा रहे हैं. इसके साथ ही झंडोत्तोलन स्थल, राष्ट्रीय ध्वज फहराने वाले बांस, सभा स्थल के चबूतरे और मंच के रंग-रोगन का काम भी कराया जा रहा है. शहर के अमर शहीद कारगिल चौक पर भी साफ-सफाई और रंग-रोगन का काम चल रहा है.
झांकियों के लिए तैयार हो रहे विशेष वाहन
स्वतंत्रता दिवस समारोह में विभिन्न विभागों की ओर से निकाली जाने वाली झांकियों की तैयारी भी शुरू हो गई है. इसके लिए विशेष वाहनों को तैयार किया जा रहा है. वाहनों पर झांकी के मॉडल के अनुसार डिजाइन तैयार करने के लिए ढांचा खड़ा किया जा रहा है. प्रभारी मंत्री और जिलाधिकारी जिस जीप व विशेष खुले वाहन से परेड का निरीक्षण करेंगे, उसका भी रंग-रोगन कराया जा रहा है. वाहन के लिए विशेष सफेद रंग की सीट कवर भी सिलवाई जा रही है.
पुलिस जवान कर रहे परेड का रिहर्सल
गांधी मैदान, समाहरणालय, अनुमंडल अधिकारी कार्यालय और पुलिस लाइन समेत अन्य स्थानों पर पुलिस परेड की तैयारी चल रही है. परेड में शामिल होने वाले जवान पुलिस लाइन में नियमित रिहर्सल कर रहे हैं. जल्द ही गांधी मैदान में भी परेड का रिहर्सल शुरू किया जाएगा. जिले के विभिन्न थानों में झंडोत्तोलन के दौरान सलामी देने वाले पुलिसकर्मी भी परेड का अभ्यास कर रहे हैं.
स्कूलों में राष्ट्रगान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी
जिले के सरकारी और निजी विद्यालयों में भी स्वतंत्रता दिवस की तैयारी शुरू हो चुकी है. स्कूल परिसरों में साफ-सफाई और रंग-रोगन के साथ समारोह में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारी की जा रही है. राष्ट्रगान प्रस्तुत करने वाली छात्राएं जन गण मन की धुन पर लगातार रिहर्सल कर रही हैं.
गीत-संगीत, नृत्य और नाटक का होगा मंचन
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी भी तेज है. स्कूली बच्चे गीत-संगीत, नृत्य और नाटक समेत विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारी में जुटे हैं. कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले छात्र-छात्राएं अपने-अपने किरदार का रिहर्सल कर रहे हैं. कई बच्चे अपने किरदार के अनुसार कॉस्ट्यूम भी तैयार करा रहे हैं.
बाजार में बढ़ी तिरंगे से जुड़े सामानों की मांग
स्वतंत्रता दिवस को लेकर बाजार में भी रौनक बढ़ने लगी है. दुकानों पर बड़े राष्ट्रीय ध्वज के साथ वाहनों पर लगाने के लिए छोटे तिरंगे भी बिक्री के लिए पहुंच गए हैं. इसके अलावा तिरंगे रंग के हाथों में पहनने वाले बैंड और शर्ट पर लगाने वाले बैज भी बाजार में उपलब्ध हैं. विभिन्न कार्यालयों, स्कूलों और संस्थानों में प्रसाद वितरण के लिए भी बुकिंग शुरू हो गई है. इन तैयारियों के बीच जिले के लोग स्वतंत्रता दिवस समारोह का इंतजार कर रहे हैं. सबसे ज्यादा उत्साह स्कूली बच्चों में देखने को मिल रहा है, जो सांस्कृतिक कार्यक्रमों और परेड की तैयारियों में उत्साह के साथ जुटे हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










