जहानाबाद: प्रथम सावन सोमवार से पहले बाबा सिद्धेश्वर नाथ धाम पहुंचे डीएम-एसपी, सुरक्षा और व्यवस्थाओं का लिया जायजा

बाबा सिद्धेश्वर नाथ धाम का निरीक्षण करते डीएम
सावन के पहले सोमवार पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने बाबा सिद्धेश्वर नाथ धाम का दौरा किया. उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, जलाभिषेक व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया. अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए गए.
baba siddheshwar nath dham: श्रावण माह के प्रथम सोमवार पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए रविवार देर रात जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया एवं पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने बाबा सिद्धेश्वर नाथ धाम, बराबर परिसर एवं मेला क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण किया. इस दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, जलाभिषेक व्यवस्था, विधि-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, पेयजल, चिकित्सा एवं स्वच्छता व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया.
अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीएम एवं एसपी ने अनुमंडल पदाधिकारी को प्रतिनियुक्त सभी दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही पुलिस बल को पूरी रात सक्रिय गश्त जारी रखने को कहा गया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो.
कतार व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण पर विशेष जोर
जिला पदाधिकारी ने प्रतिनियुक्त अधिकारियों को जलाभिषेक एवं दर्शन के लिए प्रभावी कतार व्यवस्था बनाए रखने तथा भीड़ नियंत्रण पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया. उन्होंने श्रद्धालुओं से भी प्रशासन द्वारा निर्धारित कतार व्यवस्था का पालन करने की अपील की.
पेयजल और स्वच्छता व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान पेयजल की निरंतर उपलब्धता, स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा मेला परिसर में साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए. श्रद्धालुओं से भी परिसर में कूड़ा-कचरा नहीं फैलाने की अपील की गई.
सुरक्षा व्यवस्था संतोषजनक मिली
संयुक्त निरीक्षण में मेला क्षेत्र की विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था संतोषजनक पाई गई. जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए सुरक्षित, सुगम एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण में बाबा सिद्धेश्वर नाथ पर जलाभिषेक करें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










