बिहार पृथ्वी दिवस पर पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में पौधरोपण, लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
पौधरोपण में शामिल हुए स्कूल कर्मी | Prabhat Khabar Network
बिहार पृथ्वी दिवस पर जहानाबाद के जवाहर नवोदय विद्यालय में 400 पौधे लगाए गए। प्राचार्य ने छात्रों को पर्यावरण संरक्षण और जल बचाने का संकल्प दिलाया।
jehanabad News : जहानाबाद में बिहार पृथ्वी दिवस के अवसर पर पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर के उद्देश्य से विशेष पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया. क्षेत्रीय पदाधिकारी कुमारी रितु पर्णा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य राम शरण चौधरी ने की. इस दौरान विद्यालय परिसर में करीब 400 पौधे लगाए गए.
हरियाली बढ़ाने के साथ पौधों की सुरक्षा का संदेश
प्राचार्य राम शरण चौधरी ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं सुरक्षा करने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि पौधरोपण के साथ उसकी देखभाल करना भी सभी की जिम्मेदारी है.
जल संरक्षण और कागज की बर्बादी रोकने पर जोर
उन्होंने विद्यार्थियों से अनावश्यक रूप से कागज की बर्बादी रोकने, जल संरक्षण करने, तालाब एवं पोखर जैसे जलस्रोतों को सुरक्षित रखने तथा पशु-पक्षियों के प्रति प्रेम और संवेदनशीलता रखने की अपील की. उन्होंने छोटी दूरी के लिए साइकिल का प्रयोग करने और बिजली के उपकरणों का आवश्यकता के अनुरूप उपयोग करने का संदेश दिया.
रिड्यूस, रीयूज और रिसाइकिल अपनाने की अपील
प्राचार्य ने विद्यार्थियों को Reduce, Reuse और Recycle के मंत्र को दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी पर्यावरण को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है.
विद्यार्थियों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
कार्यक्रम में शिक्षक अवधेश कुमार, अनिल, हरिशंकर प्रसाद सिंह, समृद्धि सिंह एवं राहुल कुमार सहित अन्य शिक्षक और कर्मी मौजूद रहे. सभी ने पौधरोपण कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता की. इस अवसर पर विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प दिलाया गया और प्रकृति के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के साथ विद्यालय परिसर को अधिक हरा-भरा एवं स्वच्छ बनाना रहा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










