JDU ने सम्राट चौधरी को भेजा लीगल नोटिस, मटन पार्टी में शराब परोसने का लगाया था आरोप

जदयू ने अब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी को लीगल नोटिस भेजा है. इसमें कहा गया है कि सम्राट चौधरी ने इस मटन पार्टी को लेकर गलत आरोप लगाया है, 15 दिनों के अंदर उसका सबूत पेश करें, वर्ना उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
पटना. जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह की ओर से मुंगेर में दी गयी मटन पार्टी को लेकर सियासी घमासान अब कोर्ट-कचहरी तक जा पहुंचा है. जदयू ने अब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी को लीगल नोटिस भेजा है. इसमें कहा गया है कि सम्राट चौधरी ने इस मटन पार्टी को लेकर गलत आरोप लगाया है, 15 दिनों के अंदर उसका सबूत पेश करें, वर्ना उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
जदयू के मुंगेर जिलाध्यक्ष नचिकेता मंडल की ओर से ये नोटिस भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी को भेजा गया है. नोटिस में कहा गया है कि मुंगेर में महागठबंधन के कार्यकर्ताओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया था, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह भी मौजूद थे. इसमें नॉन वेज औऱ वेज दोनों तरह के खाने का प्रबंध था. लीगल नोटिस में कहा गया है कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने इस कार्यक्रम को लेकर बयान दिया कि जदयू मटन औऱ दारू की पार्टी कर वोट बटोरने की कोशिश में लगी है. कोई दूसरी पार्टी मटन खिलाकर और दारू पिलाकर वोट नहीं लेती.
जदयू की लीगल नोटिस में कहा गया है कि बिहार में शराबबंदी लागू है. शराबबंदी कानून के तहत ये प्रावधान है कि अगर किसी को ये मालूम होता है कि कहीं शराब का सेवन किया जा रहा है, तो उसे इसकी सूचना पुलिस या संबंधित विभाग के अधिकारियों को देना है. सम्राट चौधरी ने ऐसी कोई सूचना सरकारी तंत्र को नहीं दी कि मुंगेर की मटन पार्टी में शराब परोसी जा रही है. लीगल नोटिस में कहा गया है कि सम्राट चौधरी ने झूठा आरोप लगाया है. इसलिए उन्हें 15 दिनों के अंदर इसका सबूत पेश करना चाहिये कि ललन सिंह की मटन पार्टी में शराब परोसी गयी थी. अगर वे ऐसा नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
जदयू के लीगल नोटिस में कहा गया है कि सम्राट चौधरी ने अपने बयान में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर ऐसी पार्टी कराने का आरोप लगाया है, जबकि इस पार्टी का आयोजन जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह की ओर से किया गया था. ललन सिंह पहले भी ऐसी पार्टी देते रहे हैं और जब भाजपा जदयू के साथ थी, तो उसमें भाजपा के नेता भी शामिल होते थे. तारापुर उपचुनाव के बाद भी ऐसी पार्टी हुई थी तो उसमें सम्राट चौधरी खुद भी शामिल हुए थे. जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा था कि उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जायेगी. आज जदयू ने उन्हें लीगल नोटिस भेज दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




