JAMUI NEWS नुमर पंचायत में अधूरा पुस्तकालय बना भ्रष्टाचार का प्रतीक, लाखों खर्च के बाद भी नहीं मिला बच्चों को लाभ

Published by :AMIT KUMAR SINH
Published at :03 May 2026 2:21 PM (IST)
विज्ञापन
JAMUI NEWS नुमर पंचायत में अधूरा पुस्तकालय बना भ्रष्टाचार का प्रतीक, लाखों खर्च के बाद भी नहीं मिला बच्चों को लाभ

बरहट प्रखंड के नुमर पंचायत के वार्ड संख्या 7 में सामुदायिक पुस्तकालय निर्माण योजना अनियमितताओं और लापरवाही की भेंट चढ़ती नजर आ रही है.

विज्ञापन

जमुई से पंकज सिंह की रिपोर्ट :

बरहट प्रखंड के नुमर पंचायत के वार्ड संख्या 7 में सामुदायिक पुस्तकालय निर्माण योजना अनियमितताओं और लापरवाही की भेंट चढ़ती नजर आ रही है. ग्रामीण बच्चों को शिक्षा और डिजिटल संसाधनों से जोड़ने के उद्देश्य से शुरू की गई यह योजना अब सवालों के घेरे में है. करीब 7.89 लाख रुपये की लागत से दो कमरों का पुस्तकालय भवन बनाया जाना था, जिसे 15वें वित्त आयोग मद से वर्ष 2022-23 में ही पूरा कर उपयोग के लिए खोलना था. लेकिन वर्तमान स्थिति में भवन अधूरा पड़ा है. न छत की ढलाई पूरी हुई है और न ही दीवारों का निर्माण. परिसर में झाड़-झंखाड़ उग आए हैं और भवन जर्जर होने लगा है. ग्रामीणों का कहना है कि जहां बच्चों के हाथों में किताबें होनी चाहिए थीं, वहां अब मवेशी बांधे जा रहे हैं. यह न केवल योजना की विफलता को दर्शाता है, बल्कि जिम्मेदार तंत्र की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है.

राशि निकासी के बावजूद काम अधूरा, उपकरण भी गायब

ग्रामीणों के अनुसार निर्माण कार्य के लिए स्वीकृत राशि में से लगभग 4.36 लाख रुपये की निकासी पहले ही की जा चुकी है, जबकि काम अधूरा है. इसे लेकर अनियमितता के आरोप लगाए जा रहे हैं. वार्ड सदस्य वरुण कुमार यादव ने मामले की लिखित शिकायत कर जांच और कार्रवाई की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. मामला और गंभीर तब हो जाता है जब पुस्तकालय के नाम पर लैपटॉप, बैट्री और इनवर्टर की खरीद की बात सामने आती है. भवन अधूरा होने के बावजूद इन संसाधनों का कोई स्पष्ट उपयोग या ठिकाना नहीं है. ग्रामीणों का दावा है कि ये उपकरण गायब हैं, जिससे पूरे प्रकरण में गड़बड़ी की आशंका और बढ़ गई है. इस संबंध में प्रभारी पंचायत राज पदाधिकारी शशिकांत वर्मा ने कहा कि उन्हें पहले इसकी जानकारी नहीं थी. शिकायत मिलने के बाद जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

विज्ञापन
AMIT KUMAR SINH

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINH

AMIT KUMAR SINH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन