सांप के डंसने से 15 वर्षीय किशोर की मौत, गांव में पसरा मातम
मृतक के घर पर लगी भीड़ | Prabhat Khabar Network
जमुई के खैरा में सांप के डंसने से 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही किशोर ने दम तोड़ दिया, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया है।
जमुई : थाना क्षेत्र में सांप के डंसने से 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गयी. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. मृतक की पहचान हरदीमोह गांव निवासी परमेश्वर पंडित के 15 वर्षीय पुत्र निवेश कुमार के रूप में हुई है. किशोर की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया.
बताया जाता है कि निवेश कुमार अपनी मां के साथ घर में सोया हुआ था. रात करीब 12 बजे सोने के दौरान सांप ने उसे डंस लिया. सांप के डंसने की जानकारी मिलते ही परिजन उसे लेकर सदर अस्पताल जमुई पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने इलाज शुरू किया.
इलाज के दौरान धीरे-धीरे निवेश की तबीयत बिगड़ने लगी. उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की सलाह दी. इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए शेखपुरा ले जाने लगे. हालांकि, शेखपुरा पहुंचने से पहले ही रास्ते में निवेश ने दम तोड़ दिया.
चार भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था निवेश
निवेश चार भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था. वह आनंदी पंडित का पोता था. किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गयी. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव के लोग भी शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने के लिए मृतक के घर पहुंच रहे हैं.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन को दी गयी. इसके बाद प्रशासनिक स्तर से आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल जमुई भेज दिया गया. किशोर की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By गुलशन कश्यप
गुलशन कश्यप प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए







