नवादा-लक्ष्मीपुर रेल लाइन की मिल गयी स्वीकृति, तय समय पर पूरा करें कार्य - सांसद

Published by :PANKAJ KUMAR SINGH
Published at :22 Apr 2026 9:45 PM (IST)
विज्ञापन
नवादा-लक्ष्मीपुर रेल लाइन की मिल गयी स्वीकृति, तय समय पर पूरा करें कार्य - सांसद

समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में बुधवार को सांसद अरुण भारती की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की उच्चस्तरीय बैठक हुई.

विज्ञापन

जमुई. समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में बुधवार को सांसद अरुण भारती की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की उच्चस्तरीय बैठक हुई. बैठक में जिले की विकास योजनाओं, आधारभूत संरचना के विस्तार और आगामी राष्ट्रीय अभियानों की सफलता को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई. बैठक की शुरुआत जिला पदाधिकारी नवीन कुमार के स्वागत संबोधन से हुई. उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के पहले महीने में आयोजित यह बैठक जमुई के विकास को नई दिशा देगी. उन्होंने पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों का जिक्र करते हुए कहा कि अब इन इलाकों में विकास की अपार संभावनाएं हैं और प्रशासन आधारभूत संरचना, मोबाइल कनेक्टिविटी व जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दे रहा है. सांसद अरुण भारती ने अपने संबोधन में नवादा-लक्ष्मीपुर रेल लाइन की स्वीकृति की जानकारी साझा करते हुए कहा कि बेहतर रेल व सड़क संपर्क से जिले के आर्थिक विकास को गति मिलेगी. उन्होंने बताया कि इस परियोजना के लिए 621 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत हो चुकी है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विकास योजनाओं को तय समयसीमा के भीतर पूरा किया जाये और कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. समीक्षा के दौरान ग्रामीण कार्य विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण, बिजली, कृषि और शिक्षा विभाग की योजनाओं का जायजा लिया गया. गर्मी को देखते हुए पेयजल और सिंचाई योजनाओं को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया. सांसद ने कहा कि ‘दिशा’ की बैठक जनता के प्रति जवाबदेही का महत्वपूर्ण मंच है. बैठक में जिला पदाधिकारी ने भारत की जनगणना 2027 के तहत स्व-गणना अभियान तथा “भारत ज्ञान मिशनम” के अंतर्गत पांडुलिपि सर्वेक्षण की प्रगति की भी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि जिले में दुर्लभ पांडुलिपियों का सर्वेक्षण कर सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का कार्य किया जा रहा है. इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सुभाष चंद्र मंडल, अपर समाहर्ता रविकांत सिन्हा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे. सभी ने योजनाओं को पारदर्शिता के साथ समय पर पूरा कर जमुई को आदर्श जिला बनाने का संकल्प दोहराया.

विज्ञापन
PANKAJ KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन