ePaper

शिक्षा सेवकों ने अनामांकित बच्चों को स्कूल से जोड़ने का लिया संकल्प

Updated at : 25 Feb 2026 8:39 PM (IST)
विज्ञापन
शिक्षा सेवकों ने अनामांकित बच्चों को स्कूल से जोड़ने का लिया संकल्प

समग्र सेवा एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बीआरसी खैरा एवं बीआरसी जमुई में शिक्षा सेवकों के लिए उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया.

विज्ञापन

जमुई. जिले के सभी अनामांकित एवं ड्रॉपआउट बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से मंगलवार को समग्र सेवा एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बीआरसी खैरा एवं बीआरसी जमुई में शिक्षा सेवकों के लिए उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी महेश कुमार, केआरपी संजीव कुमार सिंह तथा समग्र सेवा के अविनाशी सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी महेश कुमार ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ना समाज और शिक्षा तंत्र की सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने शिक्षा सेवकों से अपील करते हुए कहा कि अनामांकित एवं विद्यालय छोड़ चुके बच्चों की पहचान कर उनका पुनः नामांकन सुनिश्चित करें तथा नियमित उपस्थिति पर विशेष ध्यान दें. उन्मुखीकरण सत्र में शिक्षा सेवकों को नामांकन अभियान की रणनीति, समुदाय से समन्वय, अभिभावकों की भागीदारी बढ़ाने तथा बच्चों के स्थायी ठहराव सुनिश्चित करने के व्यावहारिक उपायों की विस्तृत जानकारी दी गयी. प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने अपने क्षेत्र की चुनौतियों और अनुभव भी साझा किये. खैरा प्रखंड में 90 तथा जमुई प्रखंड में 65 शिक्षा सेवकों ने कार्यक्रम में भाग लिया. सभी प्रतिभागियों को लक्ष्य आधारित कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया. समग्र सेवा के अविनाशी सिंह ने बताया कि संस्था शिक्षा विभाग के सहयोग से जिले में शत-प्रतिशत नामांकन एवं बच्चों के स्थायी ठहराव को लेकर लगातार अभियान चला रही है. उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में जिले के सभी शिक्षा सेवकों के साथ एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा. कार्यक्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी के सक्रिय सहयोग से अभियान की औपचारिक शुरुआत की गयी. बेहतर कार्य करने वाले शिक्षा सेवकों को जिला स्तर पर सम्मानित करने की भी घोषणा की गयी. अंत में सभी शिक्षा सेवकों ने अपने-अपने क्षेत्र में गंभीरता, जिम्मेदारी एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए हर बच्चे को स्कूल से जोड़ने का संकल्प लिया. इस मौके पर संस्था कार्यकर्ता बबीता कुमारी, मिशा भारती, रवि रंजन सहित शिक्षा विभाग के शिक्षक एवं कर्मी उपस्थित रहे.

विज्ञापन
PANKAJ KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन