जमुई स्टेशन पर शेड नहीं, तेज धूप में खड़े होने के लिए विवश यात्री

Published by :PANKAJ KUMAR SINGH
Published at :15 Apr 2026 9:33 PM (IST)
विज्ञापन
जमुई स्टेशन पर शेड नहीं, तेज धूप में खड़े होने के लिए विवश यात्री

अप्रैल माह की शुरुआत में ही तापमान 37 डिग्री के पार पहुंच गया है. ऐसे में जमुई रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं.

विज्ञापन

बरहट. अप्रैल माह की शुरुआत में ही तापमान 37 डिग्री के पार पहुंच गया है. ऐसे में जमुई रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं. भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच स्टेशन पर बुनियादी सुविधाओं के अभाव ने यात्रियों का हाल बेहाल कर दिया है. स्टेशन परिसर में पर्याप्त शेड की व्यवस्था नहीं होने के कारण यात्रियों को खुले आसमान के नीचे ट्रेन का इंतजार करना पड़ रहा है. तेज धूप और उमस भरी गर्मी के कारण खासकर बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाला जमुई रेलवे स्टेशन एक महत्वपूर्ण स्टेशन है, जहां आसपास के कई जिलों से हजारों यात्रियों का रोजाना आवागमन होता है. यहां एक्सप्रेस, सुपरफास्ट और पैसेंजर ट्रेनों का ठहराव होने के बावजूद यात्रियों को मूलभूत सुविधाओं से जूझना पड़ रहा है.

शेड के अभाव में बढ़ी परेशानी

प्लेटफॉर्म पर पर्याप्त शेड नहीं होने के कारण यात्रियों को धूप में खड़े रहकर या बैठकर ट्रेन का इंतजार करना पड़ता है. गर्मी बढ़ने के साथ ही स्थिति और भी गंभीर होती जा रही है. यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से जल्द शेड निर्माण की मांग की है.

वाटर कूलर खराब, पानी के लिए भटक रहे यात्री

भीषण गर्मी में पेयजल की समस्या भी गंभीर बनी हुई है. प्लेटफॉर्म संख्या 2 पर लगाया गया वाटर कूलर महीनों से खराब पड़ा है, जिससे यात्रियों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है. मजबूरी में कई यात्री बाजार से 20 रुपये की बोतलबंद पानी खरीद रहे हैं, जबकि आर्थिक रूप से कमजोर यात्रियों को गर्म पानी पीकर ही प्यास बुझानी पड़ रही है.

यात्रियों ने उठाई आवाज

रेल यात्री मंतोष कुमार, टुनटुन कुमार, अभय सिंह, जनार्दन मंडल सहित अन्य लोगों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि स्टेशन पर शीघ्र शेड निर्माण कराया जाए और पेयजल की समुचित व्यवस्था बहाल की जाये.

क्या कहते हैं अधिकारी

इस संबंध में स्टेशन प्रबंधक नीतीश कुमार ने बताया कि अमृत भारत योजना के अंतर्गत जमुई रेलवे स्टेशन पर कार्य जारी है. जल्द ही शेड निर्माण सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध करा दी जायेंगी.

विज्ञापन
PANKAJ KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन