दिनभर गुलजार रहा नागी पक्षी अभ्यारण्य, यक्षराज स्थान

Published by : PANKAJ KUMAR SINGH Updated At : 01 Jan 2026 9:39 PM

विज्ञापन

नव वर्ष के मौके पर झाझा स्थित प्रमुख पिकनिक स्थलों में नागी पक्षी अभ्यारण्य, यक्षराज स्थान पहाड़ी सहित अन्य पिकनिक स्पॉट दिनभर लोगों से गुलजार रहे.

विज्ञापन

झाझा . नव वर्ष के मौके पर झाझा स्थित प्रमुख पिकनिक स्थलों में नागी पक्षी अभ्यारण्य, यक्षराज स्थान पहाड़ी सहित अन्य पिकनिक स्पॉट दिनभर लोगों से गुलजार रहे. नये वर्ष की शुरुआत के साथ ही सुबह से ही पिकनिक मनाने वालों का आना-जाना शुरू हो गया, जो देर शाम तक जारी रहा. यक्षराज स्थान पहाड़ी पर सैकड़ों की संख्या में लोग अपने-अपने परिजनों व मित्रों के साथ पहुंचे और वनभोज का आनंद लिया. कई परिवार पूरे सामान के साथ पहाड़ी पर दिनभर डटे रहे, जबकि कुछ लोग भोजन साथ लेकर पिकनिक मनाते नजर आये. इस दौरान छोटे बच्चे साथियों के साथ खेलते-कूदते दिखे. गुरुवार की सुबह नव वर्ष के अवसर पर मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. श्रीश्री108 मां वैष्णवी दुर्गा मंदिर, उलाय नदी के उत्तरी छोर पर स्थित गणेशी घाट महादेव मंदिर, पुरानी बाजार गांधी चौक स्थित भोलेनाथ मंदिर, पिपराडीह स्थित मंदिर सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर लोगों ने श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना कर नए वर्ष की मंगल कामना की. इसके बाद श्रद्धालु परिजनों व मित्रों के साथ पिकनिक मनाने विभिन्न स्थलों पर पहुंचे. नव वर्ष के मौके पर शहर के अधिकांश छोटे-बड़े प्रतिष्ठान बंद रहे, जबकि बड़ी संख्या में लोग सुबह से ही पिकनिक मनाने के उद्देश्य से निकल पड़े. नागी पक्षी अभ्यारण्य भी दिनभर लोगों से गुलजार रहा. स्थानीय लोगों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से आये पर्यटकों ने न केवल पिकनिक का आनंद लिया, बल्कि नौका विहार भी किया. इस दौरान सैलानियों ने नागी में आये साइबेरियन पक्षियों का दीदार कर प्रकृति का भरपूर आनंद उठाया. बच्चों के मनोरंजन के लिए यक्षराज स्थान पहाड़ी के दक्षिणी छोर पर जंपिंग टब और लाफिंग बुद्धा टब लगाए गए थे, जहां 10 वर्ष से कम उम्र के बच्चों की खास भीड़ देखी गई. बच्चे कूदते-फांदते हुए पूरे उत्साह के साथ नए वर्ष का जश्न मनाते नजर आये. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क रही. सभी पिकनिक स्थलों पर दिनभर पुलिस की गश्ती जारी रही. थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पिकनिक स्पॉट पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
PANKAJ KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन