अगलगी से पुंज के साथ पूस का घर जला, लाखों की क्षति

जिले के खैरा थाना क्षेत्र के लालपुर गांव में शुक्रवार की सुबह अचानक लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचा दी.
जमुई. जिले के खैरा थाना क्षेत्र के लालपुर गांव में शुक्रवार की सुबह अचानक लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचा दी. आग लगने की इस घटना से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गयी. जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे मन्नू यादव के धान के पुंज में अचानक आग लग गयी. तेज हवा के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पास में स्थित लखन यादव के पुस के घर को भी अपनी चपेट में ले लिया. कुछ ही देर में पूस का पूरा घर जलकर राख हो गया. ग्रामीणों के अनुसार इस घटना में दो लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जलकर नष्ट हो गयी है. घटना के समय गांव में बिजली आपूर्ति बाधित थी, जिसके कारण मोटर पंप सहित अन्य संसाधनों का उपयोग कर आग बुझाना संभव नहीं हो सका. ग्रामीणों ने बताया कि अग्निशमन विभाग को सूचना देने के बावजूद दमकल की गाड़ी समय पर नहीं पहुंची, जिससे नुकसान और बढ़ गया. हालांकि, स्थानीय ग्रामीणों ने एकजुट होकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. घटना के बाद पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ितों को उचित मुआवजा देने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




