संदेहास्पद स्थिति में युवक का शव बरामद, हत्या की आशंका

गरही क्षेत्र के महेंग्रो गांव में बुधवार को संदेहास्पद स्थिति में एक युवक का शव बरामद किया गया.
– गरही थाना क्षेत्र के महेंग्रो गांव में मिला युवक का शव, प्रतिनिधि, खैरा. गरही क्षेत्र के महेंग्रो गांव में बुधवार को संदेहास्पद स्थिति में एक युवक का शव बरामद किया गया. मृतक की पहचान महेंग्रो गांव निवासी 22 वर्षीय विक्रम हेंब्रम के रूप में किया गया है. बताया जाता है कि वह युवक अपनी प्रेमिका के घर रहा करता था, जहां से उसका शव मिला है. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी है. घटना की सूचना पाकर गरही थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन कर रही है. मृतक विक्रम हेंब्रम के पिता अनिल हेंब्रम ने बताया कि उसका बेटा विक्रम पिछले दो महीना से पानो सोरेन नाम की एक लड़की के साथ प्रेम-प्रसंग में था और अक्सर उसके घर आता-जाता रहता था. वह लड़की के साथ ही दो महीने से रह रहा था. अनिल हेंब्रम ने बताया कि वह लड़की पहले से शादीशुदा थी और झाझा के खिरिया गांव में उसका ससुराल था. करीब दो महीने पहले वह अपने ससुराल से भाग कर मायके आ गयी थी और तब से ही उसके बेटे के साथ रह रही थी. परिजनों ने आरोप लगाया कि लड़की के परिवार वालों ने विक्रम की हत्या कर दी है. पिता ने बताया कि जब घटना के बाद वह लड़की के घर पहुंचे तब उन्होंने विक्रम की पीठ और कमर पर जख्म के निशान देखे. इसके बाद उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना पाकर गरही थानाध्यक्ष अनिरुद्ध शास्त्री अपने दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने मृतक के शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण हेतु सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित पानो सोरेन, उसके पिता सहित दो अन्य लोगों को हिरासत में ले लिया है व पूछताछ कर रही है. गांव के लोगों ने भी बताया कि विक्रम फुटबॉल खेलता था और पिछले दो महीना से वह उक्त लड़की के साथ ही रह रहा था. घटना को लेकर गरही थानाध्यक्ष अनिरुद्ध शास्त्री ने कहा कि मामला संदिग्ध है व पुलिस मामले की जांच कर रही है. लड़की के परिजनों के द्वारा बताया गया है कि विक्रम के पेट में दर्द हुआ था. इस कारण उसकी मौत हो गयी है. इधर, परिजनों के द्वारा अभी तक कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है. उन्होंने कहा कि आवेदन दिये जाने जाने के बाद मामले में अग्रेत्तर कार्रवाई की जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










