अंतर्मन की शांति से मजबूत होगा जनसेवा का संकल्प : डीएम

जिला प्रशासन की पहल पर आयोजित आर्ट ऑफ लिविंग के तीन दिवसीय ‘हैप्पीनेस प्रोग्राम’ का समापन गुरुवार को हुआ.
जमुई. जिला प्रशासन की पहल पर आयोजित आर्ट ऑफ लिविंग के तीन दिवसीय ‘हैप्पीनेस प्रोग्राम’ का समापन गुरुवार को हुआ. कार्यक्रम में शामिल अधिकारियों ने योग, ध्यान और सुदर्शन क्रिया के माध्यम से मानसिक संतुलन और कार्यक्षमता बढ़ाने के व्यावहारिक तरीके सीखे. मौके पर डीएम श्री नवीन ने कहा कि अंतर्मन की शांति कुशल प्रशासन की आधारशिला है. उन्होंने कहा कि लोक सेवकों पर समाज की बड़ी जिम्मेदारी होती है और इन जिम्मेदारियों का बेहतर निर्वहन तभी संभव है, जब अधिकारी मानसिक रूप से शांत और संतुलित हों. उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम अंत नहीं, बल्कि एक नयी कार्य-संस्कृति की शुरुआत है, जिसमें व्यक्तिगत खुशी और सकारात्मक सोच को प्राथमिकता दी जायेगी. इससे प्रशासनिक निर्णय अधिक मानवीय, धैर्यपूर्ण और जनहितकारी बनेंगे. तीन दिनों तक चले इस शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई. प्रशिक्षण के दौरान यह बताया गया कि तनावमुक्त मन ही सृजनात्मकता का आधार होता है. अधिकारियों ने सीखा कि व्यस्त और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी कैसे खुद को संतुलित रखते हुए बेहतर निर्णय लिया जा सकता है. जिला प्रशासन ने आर्ट ऑफ लिविंग की टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम का प्रभाव न केवल अधिकारियों के व्यक्तिगत जीवन में दिखेगा, बल्कि इसका सकारात्मक असर आम जनता को मिलने वाली सेवाओं पर भी पड़ेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




