ePaper

आपसी विवाद सुलझाने का सबसे बेहतर उपाय है समझौता

Updated at : 04 Jan 2026 9:19 PM (IST)
विज्ञापन
आपसी विवाद सुलझाने का सबसे बेहतर उपाय है समझौता

एसपी विश्वजीत दयाल ने रविवार को खैरा थाना परिसर में जन संवाद लगाकर लोगों की समस्याएं सुनी.

विज्ञापन

खैरा. एसपी विश्वजीत दयाल ने रविवार को खैरा थाना परिसर में जन संवाद लगाकर लोगों की समस्याएं सुनी. इस दौरान उन्होंने लोगों से कई तरह की बातें की और पुलिस मामलों में कमी लाने को लेकर प्रयास करने को लेकर जागरूक किया. जन संवाद के दौरान एसपी विश्वजीत दयाल ने कहा कि क्षेत्र में घूमने का उन्हें मौका मिला है और इस दौरान यह साफ तौर पर महसूस हुआ कि किसी भी समस्या या विवाद का सबसे आसान उपाय आपसी समझौता से संभव है. दिल से दिल को मिलाकर अगर बातचीत की जाये तो बड़े से बड़े विवाद को भी सुलझाया जा सकता है. उन्होंने कहा कि झगड़ा किसी भी समस्या का समाधान नहीं है. झगड़ा केवल तनाव बढ़ाता है और नई समस्याओं को जन्म देता है, जबकि समझदारी और संयम से रास्ता निकाला जा सकता है. एसपी ने जनप्रतिनिधियों की भूमिका को बेहद अहम बताते हुए कहा कि समाज में शांति बनाए रखने की जिम्मेदारी जनप्रतिनिधियों की भी है. उन्होंने कहा कि बड़े और गंभीर विवाद भले ही पुलिस के पास आएं, लेकिन छोटे-छोटे मामलों को आपसी समझौते से ही निबटाया जाना चाहिए. इससे न केवल पुलिस पर अनावश्यक दबाव कम होगा, बल्कि लोगों का समय, धन, बल और ऊर्जा भी बर्बाद होने से बचेगी. किसी भी केस में उलझने से वर्षों तक मानसिक तनाव बना रहता है और आर्थिक नुकसान भी होता है. ज्यादातर मामलों में जमीन विवाद ही झगड़े और आपराधिक मामलों की वजह बनते हैं, जबकि ऐसे विवादों से किसी का कोई फायदा नहीं होता. एसपी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी केस में गलत या निर्दोष लोगों का नाम न डालें. ऐसा करने से समाज में आपसी विश्वास टूटता है और रिश्तों में कड़वाहट बढ़ती है. उन्होंने अभिभावकों को भी खास सलाह देते हुए कहा कि आज के समय में बच्चों पर नजर रखना बेहद जरूरी हो गया है. सोशल मीडिया पर बच्चे क्या देख रहे हैं, क्या लिख रहे हैं और किन लोगों से बातचीत कर रहे हैं, इस पर ध्यान देना चाहिए. बच्चों से नियमित बातचीत करें और उनकी समस्याओं को समझने की कोशिश करें, क्योंकि हाल के दिनों में घर से भागने की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं. एसपी ने कहा कि अगर परिवार, समाज और प्रशासन मिलकर जिम्मेदारी निभाएं तो विवादों को समय रहते सुलझाया जा सकता है और क्षेत्र में शांति और सौहार्द का माहौल कायम किया जा सकता है. इस दौरान लोगों ने भी जमीन विवाद, लड़ाई-झगड़े से संबंधित मामलों की शिकायत की. इसे लेकर एसपी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया.

अतिक्रमण मुक्त करने को लेकर जागरूक हों लोग

जन संवाद के दौरान एसपी ने कहा कि खैरा आने के क्रम में मैंने देखा कि बाजार में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण किया गया है. दुकान के बाहर बोर्ड, ठेला इत्यादि लगाकर सड़क को संकुचित कर दिया गया है. दुकानदारों को चाहिए कि वह स्वतः ही अपने दुकान के सामने अतिक्रमण हटा लें. ताकि मुख्य सड़क पर परिचालन निर्बाध रूप से जारी रहे. इसे लेकर स्थानीय थाना स्तर पर बैठक बुलाई जाये, इसमें सभी कारोबारियों को भी बुलाया जाये. बैठक के जरिये भी लोगों को अतिक्रमण के खिलाफ जागरूक किया जायेगा. सभी दुकानदारों को अपने दुकान के सामने सीसीटीवी कैमरा भी अवश्य लगाना चाहिए.

गार्ड ऑफ ऑनर में गलती पर देने लगे शिक्षा

इस दौरान एसपी इंस्पेक्शन करने खैरा थाना पहुंचे थे, उन्हें थाना में पुलिस जवानों के द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, लेकिन इस दौरान गलती पर एसपी ने गार्ड ऑफ ऑनर बीच में ही रोक दिया. दरअसल, पुलिस जवानों ने सलामी में कुछ गलती की. इसके बाद एसपी तुरंत एक्शन में आ गये. सलामी दे रहे जवानों को पहले रोका और गार्ड ऑफ ऑनर को बीच में ही बंद कर दिया. इसके बाद एसपी वहीं पर शिक्षक बन गये तथा सलामी का पूरा तरीका समझाने लगे. एसपी ने सभी जवानों को बताया कि उनसे गार्ड ऑफ ऑनर के दौरान कहां गलती हुई है. उन्होंने क्या किया और उन्हें क्या करना चाहिए था. इसके बाद उन्होंने गार्ड ऑफ ऑनर को संपन्न कराया व आगे की कार्रवाई में जुट गये. एसपी ने इस दौरान थाना परिसर में लगे फूल और पौधों को देखकर भी संतोष जाहिर किया. उन्होंने कहा कि बेहतर माहौल में थाना आने वाले लोग अच्छा महसूस करते हैं, ऐसे में इसे लगातार बरकरार रखने की जरूरत है.

अधिकारियों को भी दिये कई तरह के निर्देश

जनसंवाद के बाद एसपी ने थाना का निरीक्षण किया. बताया कि थाना का वार्षिक निरीक्षण किया गया है. इस दौरान थाना के केस पंजी, सिरिश्ता, गुंडा पंजी इत्यादि का निरीक्षण किया गया है. कैदी भवन से लेकर सभी कांड के निष्पादन की स्थिति का जायजा भी पुलिस अधिकारियों से लिया गया है. एसपी ने इस दौरान पुलिस अधिकारियों को कई तरह के निर्देश दिये. उन्होंने कहा कि थाना में आने वाले लोग पीड़ित होते हैं और वह दुखी होते हैं. ऐसे में उनके साथ बेहतर व्यवहार रखना हम सब का कर्तव्य है. मौके पर एसडीपीओ सतीश सुमन, खैरा थानाध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
PANKAJ KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन