ऑटो से 54 लीटर विदेशी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

गरही थाना क्षेत्र में पुलिस ने 54 लीटर विदेशी शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है.
खैरा. गरही थाना क्षेत्र में पुलिस ने 54 लीटर विदेशी शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बोझायत गांव से कुरवाटांड की ओर एक ऑटो वाहन के जरिये भारी मात्रा में शराब की खेप ले जायी जा रही है. सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को अवगत कराते हुए गरही थाना पुलिस टीम कार्रवाई के लिए रवाना हो गयी और दरिमा गांव के पास संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कर दी. जांच के दौरान सामने से आ रहे एक ऑटो वाहन पर पुलिस की नजर पड़ी. पुलिस को देखते ही चालक वाहन छोड़कर भागने लगा, लेकिन पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए खदेड़कर उसे पकड़ लिया. मौके पर मौजूद दूसरे व्यक्ति को भी हिरासत में ले लिया गया. इसके बाद जब ऑटो की विधिवत तलाशी ली गई तो चालक सीट के नीचे छिपाकर रखी गई 72 बोतलों में कुल 54 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई. पुलिस ने तुरंत शराब को जब्त करते हुए वाहन को भी अपने कब्जे में ले लिया. गिरफ्तार तस्कर की पहचान सदर थाना क्षेत्र के हांसडीह निवासी मंतोष कुमार पिता कैलू मंडल और धीरज कुमार पिता किशोरी मंडल के रूप में हुई है. छापेमारी अभियान में पुलिस अवर निरीक्षक सह थानाध्यक्ष विपिन चन्द्र पालटा, पुलिस अवर निरीक्षक विश्वमोहन पासवान तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों तस्कर के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर अग्रेत्तर कार्रवाई की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




