हत्यारों की गिरफ्तारी को ले किया रोड जाम

Updated at : 13 Nov 2019 7:22 AM (IST)
विज्ञापन
हत्यारों की गिरफ्तारी को ले किया रोड जाम

झाझा : सुभाष हत्याकांड में आरोपित को जल्द-से-जल्द गिरफ्तार करने की मांग को लेकर परिजनो एवं ग्रामीणों ने शव को गांव से लाकर जमुई-झाझा-चकाई मुख्य मार्ग के कूर्परी चौक पर रखकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुये मुख्य आरोपी चौकीदार सजन यादव की गिरफ्तारी की मांग करने लगे. इस दौरान उनलोगो ने टायर […]

विज्ञापन

झाझा : सुभाष हत्याकांड में आरोपित को जल्द-से-जल्द गिरफ्तार करने की मांग को लेकर परिजनो एवं ग्रामीणों ने शव को गांव से लाकर जमुई-झाझा-चकाई मुख्य मार्ग के कूर्परी चौक पर रखकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुये मुख्य आरोपी चौकीदार सजन यादव की गिरफ्तारी की मांग करने लगे. इस दौरान उनलोगो ने टायर भी जलाते हुये प्रदर्शन किया. जमुई एसडीओ लखीन्द्र पासवान एवं स्थानीय विधायक डा. रविन्द्र यादव के द्वारा लगातार समझाने-बुझाने पर लोग नहीं मान रहे थे.

मृतक के दादा ने बताया कि कुछ माह पूर्व सजन, उसके भाई एवं अन्य सहयोगी ने मिलकर मृतक के चाचा का भी हत्या कर दिया था. जिसके बाद लगातार पुलिस को आरोपी के बारे मे सूचना दिया जा रहा था.
लेकिन पुलिस के द्वारा कुछ भी नहीं किया जा रहा था. इसके बाद आरोपी लगातार धमकी भी दे रहे थे. जिसकी सूचना पूर्व पुलिस अधीक्षक से लेकर वर्तमान अधीक्षक को भी दिया गया था. अगर पुलिस उक्त आरोपी एवं उनके सहयोगी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया होता तो आज सुभाष जिंदा रहता. एसडीओ-विधायक के समझाने पर लोगो ने 4 घंटे के बाद जाम को हटाया.
उसके बाद सड़को पर दोनो तरफ की लगी गाड़ियो को पास करवाया गया. इधर झाझा एसडीपीओ भास्कर रंजन ने बताया कि हत्या कांड के बाद ही पुलिस अधीक्षक जमुई के आदेशानुसार झाझा थानाध्यक्ष दलजीत झा, पुनि सीपी यादव, अंचल पुअनि की अगुवाई में एक टीम तैयार किया और इस कांड के मुख्य आरोपी सजन यादव को गिरफ्तार किया. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु छापेमारी किया जारहा है.
देवघर में रहकर पढ़ाई करता था सुभाष
सुभाष बीते कई वर्षों से झारखंड राज्य के देवघर जिला में रहकर पढ़ाई करता था. वह देवघर के सर्राफ विद्यालय में नवमी कक्षा का छात्र था. उसके पिता संजय यादव ने बताया कि वह साइकिल चलाने के दौरान गिर गया था. इस कारण उसके दोनों हथेली पर चोट आई थी. इसी कारण दो दिन पूर्व वह झाझा आया था एवं उसका इलाज करा रहा था.
घटना के दिन वह फाइनल इलाज कराने के बाद देवघर जाने वाला था. तभी उसकी हत्या हो गई. ग्रामीणों ने बताया कि बीते सोमवार को सोनो थाना क्षेत्र के अमझरी गांव में एक रिश्तेदार के यहां भी गया था. जहां कातिक उद्यापन कार्यक्रम में शामिल हुआ था. वह अपने कई दोस्तों के साथ बाइक से देर शाम को घर लौटा था.
पुलिसकर्मियों पर चौकीदार का संरक्षण का लगाया आरोप
सुभाष यादव का दादा अरविंद यादव, पिता संजय यादव ने बताया कि यदि पुलिस पूर्व के केस में आरोपी बने सज्जन यादव का नाम नहीं हटाती तो आज हमारे पुत्र की हत्या नहीं होती. परिजनों ने आरोप लगाते हुए कहा कि शुरू से ही चौकीदार मनबढ़ू किस्म का है. वह पुलिस का धौंस एवं रोब जमाकर गांव में ही नहीं, इलाके भर में भी रंगदारी वसूलता है एवं कई गलत धंधे में लिप्त रहता है. यही कारण है कि चौकीदार सज्जन यादव एवं उसके अन्य भाइयों का मनोबल काफी बढ़ा हुआ है.
इस कारण कभी भी किसी के साथ भी मारपीट करना, गाली-गलौज करना आम बात हो गई है. इलाके में यदि चौकीदार सज्जन के इशारे पर काम नहीं करता है तो उसके साथ हमेशा बुरा ही होता है. परिजनों ने बताया कि इसी वर्ष 18 जनवरी को मेरा भतीजा राजेश यादव की सज्जन यादव एवं अन्य लोगों ने झाझा-धमना मुख्य सड़क पर बम एवं गोली मारकर हत्या कर दिया था. उस दौरान पुलिस ने चौकीदार सज्जन का नाम प्राथमिकी से हटा दिया था. इस कारण उसका मन और भी बढ़ गया था.
झाझा में अपराधियों का बढ़ा मनोबल: विजय यादव
सिमुलतला. झाझा क्षेत्र में अपराधियों का ग्राफ दिन प्रतिदिन बढ़ ही रहा है. सोमवार की रात्रि बेलाटांड़ गांव में एक किशोर की हुई निर्मम हत्या से यह साफ हो गया है कि झाझा में अपराधियों का मनोबल सातवें आसमान पर है और प्रशासन हर मोर्चे पर विफल है. उक्त बातें मंगलवार को समाजसेवी विजय यादव ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा.
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटना की आशंका को लेकर पीड़ित परिवारों द्वारा पूर्व में भी सुरक्षा का गुहार लगाया गया था. बावजूद पुलिस का सक्रिय नहीं होना कहीं ना कहीं प्रशासनिक अधिकारियों की कमजोर नेतृत्व का परिणाम है. श्री यादव ने इस जघन्य अपराध में शामिल अपराधियों को अविलंब गिरफ्तार कर स्पीडी ट्रायल कर सजा दिलाने की मांग किया है.
माता-पिता का रो-रो कर हुआ बुरा हाल
सुभाष कुमार की गला रेतकर हत्या के बाद परिजन बदहवास हैं. मां प्रमिला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है. जबकि पिता बार-बार दहाड़ मारकर आंगन में गिर जा रहा है. माता प्रमिला देवी, भाई राजू कुमार समेत परिवार के अन्य जनों ने भगवान से कहा कि हे भगवान मेरा बेटा सुभाष कुमार ने किसका क्या बिगाड़ा था. उन्होंने भगवान से कहा कि जो मेरे बेटे के साथ ऐसा किया है उसका कभी कल्याण न हो.
मां बार-बार भगवान को पुकार कर कह रही थी कि आखिर ऐसा मैंने क्या गुनाह कर दिया जो आज मुझे यह दिन देखने को मिल रहा है. रोते-रोते मां बदहवास हो रही है एवं मूर्छित होकर जमीन पर गिर रही है. जैसे-जैसे घटना की सूचना परिवार के अन्य सदस्य, सगा-बंधुओं को हुआ घर पर भीड़ जुटनी शुरू हो गई. जब-जब कोई रिश्तेदार उनके यहां आ रहे थे तब मृतक के मां का रो-रोकर बुरा हाल था.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन