महात्मा गांधी सेतु महाजाम पर राजद ने उठाए सवाल, कहा- 4 घंटे में किसी भी कोने से कैसे पहुंचे पटना..

महात्मा गांधी सेतु पर लगा जाम
महात्मा गांधी सेतु पर सोमवार रात से लगा जाम मंगलवार को भी लोगों के लिए परेशानी का सबब बना रहा. सोशल मीडिया पर लोगों ने इस जाम पर अपना गुस्सा जाहिर किया और आरजेडी ने भी सवाल उठाए हैं.
पटना और हाजीपुर के बीच गंगा नदी पर बने महात्मा गांधी सेतु पर सोमवार रात से ही भीषण जाम लग गया. जिसके कारण हजारों वाहन जहां-तहां फंस गए. इतना ही नहीं हाजीपुर की कई अन्य सड़कों पर भी जाम लगा रहा. हाजीपुर-मुजफ्फरपुर रोड पर एकारा तक, जंदाहा रोड पर 4 किलोमीटर लंबा, महनार रोड और लालगंज रोड पर 3 किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा. जाम में कई सरकारी अधिकारी और एंबुलेंस भी फंसी रहीं. जिसके बाद अब आरजेडी प्रवक्ता चितरंजन गगन ने सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए पोस्ट किया है.
राजद ने सरकार पर उठाए सवाल
राजद प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने इस मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, ‘यह अब हर दिन की आम समस्या हो गई है. इस जाम के कारण अस्पताल जाते समय न जाने कितने रास्ते में ही दम तोड़ देते हैं. लोगों के ट्रेन और प्लेन छूट जाते हैं. जबकि सरकार का दावा है कि बिहार के किसी भी कोने से महज चार घंटे में राजधानी पटना पहुंचा जा सकता है.’
आम लोगों की बढ़ी परेशानी
चित्तरंजन गगन ने कहा कि महाजाम से हाजीपुर में त्राहिमाम मचा है. जाम के कारण यात्री घंटों फंसे रहे. मरीजों को लेकर कई एंबुलेंस फंसी रहीं, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई. स्थानीय लोगों ने प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह जाम हर रोज की समस्या बन गई है.
लोगों ने सोशल मीडिया पर गुस्सा किया जाहिर
सज्जाद अहमद नाम के यूजर ने कहा कि सर, जरा गांधी सेतु, पटना से हाजीपुर की स्थिति, समस्या पर ध्यान देने की जरूरत है, कुछ करने की जरूरत है, जनता ट्रैफिक जाम से परेशान है. वहीं शिवम कुमार नाम के यूजर ने कहा कि गांधी सेतु से पटना हाजीपुर मार्ग मौजूदा प्रयागराज कुंभ से कम नहीं है, 3:30 घंटे में 15 किमी का सफर भी पूरा नहीं हुआ.

Also Read : Gaya News : सरस्वती पूजा के दौरान डीजे बजाने वालों पर होगी कार्रवाई
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Anand Shekhar
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










