75 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग अब घर बैठे करा सकेंगे जमीन की रजिस्ट्री, हाजीपुर से हुई शुरुआत, अवधेश कुमार बने पहले लाभार्थी

Author Abhishek Kumar|Edited by Nikhil Anurag
Updated:
विज्ञापन

कार्यक्रम में शामिल जीविका दीदियां

Hajipur news : बिहार में अब 75 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिक घर बैठे जमीन की रजिस्ट्री करा सकते हैं. हाजीपुर के 80 वर्षीय अवधेश कुमार को इस नई सुविधा का पहला लाभ मिला. यह पहल बुजुर्गों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से बड़ी राहत प्रदान करती है.

विज्ञापन

Hajipur news : बिहार सरकार ने वरिष्ठ नागरिकों को बड़ी राहत देते हुए घर बैठे जमीन की रजिस्ट्री की सुविधा शुरू की है. नई व्यवस्था के तहत 75 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग अब बिना निबंधन कार्यालय पहुंचे अपने घर से ही जमीन की रजिस्ट्री करा सकेंगे. इस पहल का पहला लाभ हाजीपुर के सीता चौक निवासी 80 वर्षीय अवधेश कुमार को मिला, जिन्होंने घर बैठे एक डिसमिल जमीन की रजिस्ट्री कराई.

हाजीपुर के अवधेश कुमार बने पहले लाभार्थी

80 वर्षीय अवधेश कुमार ने बताया कि नई व्यवस्था बेहद सरल और सुविधाजनक है. पहले जमीन की रजिस्ट्री के लिए कार्यालय जाकर लंबी कतारों में घंटों इंतजार करना पड़ता था, लेकिन अब केवल अंगूठे का निशान लिया गया और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर रजिस्ट्री संपन्न हो गई.

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई बातचीत

इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अवधेश कुमार से बातचीत की. अवधेश कुमार ने इसे अपने लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि सरकार की यह पहल बुजुर्गों के लिए बेहद लाभदायक साबित होगी.

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि घर बैठे रजिस्ट्री की सुविधा का विस्तार किया जाएगा और 75 वर्ष से अधिक उम्र के सभी वरिष्ठ नागरिकों को इसका लाभ मिलेगा. सरकार का उद्देश्य बुजुर्गों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत दिलाना है.

जीविका समूहों को मिला 141 करोड़ रुपये का क्रेडिट लिंकेज

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जीविका की दीदियां भी शामिल हुईं. उन्होंने स्वागत गीत प्रस्तुत कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया. इस दौरान 16,022 स्वयं सहायता समूहों को 141 करोड़ रुपये के क्रेडिट लिंकेज का सांकेतिक चेक भी प्रदान किया गया.

जीविका समूहों की ओर से मुख्यमंत्री को पेंटिंग, मधु तथा मोटे अनाज से बने उत्पाद भेंट किए गए. कार्यक्रम स्थल पर मसाले, अचार, पापड़, मधु और अन्य ग्रामीण उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई.

भाजपा किसान मोर्चा ने किया स्वागत

हाजीपुर में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया. किसान मोर्चा के प्रदेश सह संयोजक संजीव कुशवाहा ने पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया. इस अवसर पर किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष भारतेंदु ऋतुराज, किशोर कुणाल, कमल किशोर, विशाल सिंह, विजय प्रकाश सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

Also Read:बांकीपुर में क्यों बदला भाजपा का उम्मीदवार? अभिषेक बंटी की जगह नीरज सिन्हा को उतारने के पीछे क्या है रणनीति


विज्ञापन
Abhishek Kumar

लेखक के बारे में

By Abhishek Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन