ePaper

Bihar News: महिला ने मरोड़ा इंस्पेक्टर का हाथ, शराब माफिया के घर छापेमारी करने गयी पुलिस पर भीषण हमला

Updated at : 29 Jan 2025 8:59 PM (IST)
विज्ञापन
Hajipur news

बरामद शराब के साथ गिरफ्तार आरोपी महिला

Bihar News: बिहार के हाजीपुर में शराब माफिया के लोगों ने पुलिस की टीम पर हमला कर दिया. इस हमले में इंस्पेक्टर समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए.

विज्ञापन

Bihar News: हाजीपुर जिले में राजापाकर थाना क्षेत्र के भलुई गांव में शराब की सूचना पर छापेमारी करने गयी डायल 112 एवं राजापाकर थाने की पुलिस टीम पर धंधेबाजों ने हमला कर दिया. इस दौरान पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार कर लिया है. हालांकि अन्य महिला धंधेबाज मौके से भागने में सफल हो गयी. इस दौरान पुलिस ने एक घर में छापेमारी कर विभिन्न ब्रांडों के भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है.

कार्रवाई में जुटी पुलिस टीम

पुलिस टीम पर हमला करने वाले आरोपितों की पहचान कर प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई में जुटी है. जानकारी के अनुसार बुधवार को डायल 112 की पुलिस को सूचना मिली थी कि राजापाकर थाना क्षेत्र के भलुई गांव निवासी संजीत राय ने अपने घर में विदेशी शराब छुपा कर रखी है तथा बिक्री कर रहा है. सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर इसकी सूचना राजापाकर थाने की पुलिस को दी. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष बिना कुमारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गयीं. बताया गया कि पुलिस के मौके पर पहुंचते ही धंधेबाज संजीत राय फरार हो गया.

पुलिस से हाथापाई करने वाली महिला गिरफ्तार

पुलिस जब उसके घर में तलाशी करने गयी ताे घर की महिलाएं पुलिस टीम के साथ हाथापाई करने लगीं. इस दौरान पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद अन्य तीन-चार महिलाएं पीछे के दरवाजे से भाग निकलीं. पुलिस टीम ने तलाशी के दौरान फ्रिज एवं पलंग के नीचे छुपा कर रखी गयी भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की. बताया गया कि एक महिला ने थानाध्यक्ष का हाथ मरोड़ दिया. वहीं अन्य पुलिसकर्मियों के साथ भी महिलाओं ने अभद्र व्यवहार किया है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

पीएचसी में भर्ती किये गए थानाध्यक्ष

मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने थानाध्यक्ष को इलाज के लिए पीएचसी में भर्ती कराया है. इस संबंध में महुआ एसडीपीओ सुरभ सुमन ने बताया कि शराब की सूचना पर छापेमारी करने गयी राजापाकर थाने की पुलिस का लोगों ने विरोध किया है. इस मामले में सरकारी कार्य में बाधा डालने को लेकर प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है. मौके से एक महिला नागेश्वर राय की पत्नी पार्वती देवी को गिरफ्तार किया गया है.

इसे भी पढ़ें: पुलिस टीम पर हमला कर शराब धंधेबाज को छुड़ाया, कई पुलिसकर्मी हुए घायल

विज्ञापन
Paritosh Shahi

लेखक के बारे में

By Paritosh Shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन