हाजीपुर में फरार आरोपित को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, चार मामलों के वांछित अपराधी को दबोचा
बेलसर ओपी में मोजूद पुलिस| Prabhat Khabar Network
बेलसर में पुलिस टीम पर हमला कर फरार आरोपी को छुड़ाने की कोशिश नाकाम। चार गंभीर मामलों में वांछित भोली राय को पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद किया गिरफ्तार।
Hajipur News : बेलसर थाना क्षेत्र के साइन गांव में चार गंभीर आपराधिक मामलों में फरार चल रहे आरोपित को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर घर में मौजूद लोगों ने हमला कर दिया. हमले में चार पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आईं. हालांकि पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद फरार आरोपित को गिरफ्तार कर लिया.
गुप्त सूचना पर पहुंची थी पुलिस गिरफ्तार आरोपित की पहचान साइन गांव निवासी अमित कुमार उर्फ भोली राय के रूप में हुई है. उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास के दो मामलों समेत कुल चार गंभीर कांड दर्ज हैं और वह लंबे समय से फरार चल रहा था. थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि भोली राय उच्च विद्यालय साइन परिसर में किसी आपराधिक घटना की योजना बना रहा है. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष के नेतृत्व में अवर निरीक्षक मनीष कुमार एवं पुलिस बल की टीम मौके पर पहुंची.
दीवार फांदकर भागा, घर में घुसकर छिपा पुलिस को देखते ही भोली राय विद्यालय की चहारदीवारी फांदकर भाग निकला और गांव के ही एक घर में जाकर छिप गया. पुलिस टीम जब उसका पीछा करते हुए घर में पहुंची, तो वहां मौजूद लोगों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया. इस दौरान चार पुलिसकर्मी मामूली रूप से घायल हो गए.
आरोपित गिरफ्तार, शरण देने वालों पर भी कार्रवाई हमले के बावजूद पुलिस टीम ने संयम बनाए रखा और कड़ी मशक्कत के बाद भोली राय को गिरफ्तार कर थाना ले आई. पुलिस ने बताया कि जिस घर में आरोपित को शरण दी गई और जहां पुलिस टीम पर हमला किया गया, वहां मौजूद लोगों के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, फरार आरोपित को शरण देने तथा पुलिस पर हमला करने के आरोप में भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
अभियान रहेगा जारी थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने कहा कि फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों और अपराधियों को संरक्षण देने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.
इसे भी पढ़ें : महुआ पुलिस ने देशी शराब लदी पिकअप वैन जब्त की, भाग निकला चालक और धंधेबाज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











