वैशाली में संदिग्ध परिस्थिति में विवाहिता की मौत, 11 साल के मासूम ने बयां की दादा-दादी की हैवानियत

Updated:
विज्ञापन

घटना स्थल पर मौजूद पुलिस

Vaishali News: करताहां थाना क्षेत्र में एक 32 वर्षीय विवाहिता का शव पेड़ से लटका मिला, जिसके बाद मृतिका के पुत्र ने दादा-दादी और चाचा-चाची पर मारपीट का आरोप लगाया है. मायके पक्ष ने दहेज प्रताड़ना की बात कही है, वहीं पुलिस और फॉरेंसिक टीम पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन तफ्तीश कर रही है.

विज्ञापन

Vaishali News (सुशील कुमार सिंह): वैशाली जिले के करताहां थाना क्षेत्र अंतर्गत करताहां बुजुर्ग पंचायत में रविवार की सुबह एक महिला की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई. 32 वर्षीय पिंकी देवी का शव घर के समीप एक पेड़ से साड़ी के फंदे से लटका पाया गया. घटना के बाद मृतिका के 11 वर्षीय पुत्र ने अपनी मां के साथ हुई मारपीट और ससुराल वालों की प्रताड़ना की जो दास्तां सुनाई, उसने सभी को झकझोर कर रख दिया है.

बेटे की गवाही, पिता के जाते ही दादा-दादी और चाचा-चाची ने मां को पीटा

मृतिका के पुत्र प्रियांशु कुमार ने पुलिस को बताया कि रविवार सुबह जब उसके पिता पप्पू भगत काम पर चले गए, तब घर में मौजूद दादा शंकर भगत, दादी, चाचा चुनमुन और चाची ने मिलकर उसकी मां के साथ जमकर मारपीट की. प्रताड़ना से तंग आकर पिंकी देवी यह कहते हुए घर से निकली थी कि वह ट्रेन से कटकर जान दे देगी. परिजन और ग्रामीण जब तक उसे रेलवे ट्रैक पर ढूंढने पहुँचते, तब तक गांव के लोगों ने उसे एक पेड़ से लटका हुआ पाया.

मायके पक्ष का आरोप, 2013 से ही दहेज के लिए किया जा रहा था प्रताड़ित

घटना की सूचना पर पहुँचे मृतिका के पिता राजकुमार भगत (निवासी धरमपुर, मुजफ्फरपुर) ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2013 में सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज देकर शादी की थी. लेकिन शादी के बाद से ही सास-ससुर दहेज के लिए पिंकी को लगातार प्रताड़ित और मारपीट करते थे. पति पप्पू भगत नशे का आदी है और परिवार की जिम्मेदारी के प्रति उदासीन रहता था, जिसका ताना देकर सास-ससुर पिंकी को मायके से पैसे लाने के लिए उकसाते थे.

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच

घटना की गंभीरता को देखते हुए लालगंज एसडीपीओ सदर-2 गोपाल मंडल और थानाध्यक्ष कुणाल कुमार आजाद फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुँचे. पुलिस के पहुँचने से पहले ग्रामीणों ने शव को नीचे उतार दिया था. बताया जा रहा है कि घटना के बाद से ही मृतिका के ससुराल वाले घर छोड़कर फरार हैं.

पुलिस का बयान: डीएसपी गोपाल मंडल ने बताया कि 11 वर्षीय बेटे का बयान दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर भेज दिया गया है. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी.

Also Read: वायरल वीडियो के बाद दाउदनगर में फुटपाथी दुकानों पर उठे सवाल, जांच की मांग तेज

विज्ञापन
सूर्यकांत कुमार

लेखक के बारे में

By सूर्यकांत कुमार

सूर्यकांत कुमार तीन वर्षों से हिंदी डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. स्थानीय और हाइपरलोकल पत्रकारिता में विशेष अनुभव रखते हैं. कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर का भी व्यावहारिक अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत एक डिजिटल न्यूज चैनल से की और विभिन्न डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कार्य करते हुए समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट प्रोडक्शन का अनुभव हासिल किया है. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन