हाजीपुर : हल्की बारिश में ही सड़कों पर जलजमाव, घर-दुकानों में घुस रहा पानी
पुरानी बाजार में जलजमाव | Prabhat Khabar Network
महुआ नगर परिषद के बाजार में जल जमाव से लोग परेशान हैं। बारिश का पानी घरों और दुकानों में घुस रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
Hajipur waterlogging : महुआ नगर परिषद बाजार की विभिन्न सड़कों पर हल्की बारिश में ही जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो जा रही है. बारिश का पानी सड़कों पर जमा होने के साथ घरों और दुकानों में भी प्रवेश कर रहा है. इससे राहगीरों के साथ-साथ स्थानीय दुकानदारों और मकान मालिकों की परेशानी बढ़ गई है. जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने से नगरवासियों में स्थानीय प्रतिनिधियों के प्रति रोष है.
प्रमुख सड़कों और गलियों में जमा हो रहा पानी
जानकारी के अनुसार, नगर परिषद बाजार की प्रमुख सड़कों के अलावा गली-मोहल्लों में भी बारिश के बाद जलजमाव हो जाता है. पानी जमा होने से सड़कें कीचड़मय हो जाती हैं, जिससे राहगीरों को आने-जाने में काफी परेशानी होती है. वहीं, घरों और दुकानों में पानी प्रवेश करने से लोगों को सामान बचाने के साथ अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ता है.
गंदगी से पटे नाले, नहीं हो रही जल निकासी
नगरवासी मंटू तिवारी, मिथिलेश चौधरी, कन्हैया पैटी, मनोज गुप्ता, रिंकू मिश्रा सहित अन्य लोगों ने बताया कि बाजार की सड़कों से जल निकासी के लिए सड़क किनारे लाखों रुपये खर्च कर नाले बनाए गए हैं, लेकिन नाले गंदगी से भरे पड़े हैं. सफाई नहीं होने के कारण बारिश का पानी नालों में जाने के बजाय सड़कों पर जमा हो जाता है.
नालों की सफाई और स्थायी समाधान की मांग
नगरवासियों ने बताया कि हर साल बारिश के दौरान जलजमाव की समस्या उत्पन्न होती है, लेकिन इसके स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाया जा रहा है. लोगों ने नगर परिषद से नालों की नियमित सफाई कराने और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










