हाजीपुर में निजी विवाद ने लिया हिंसक रूप, दंपती पर लाठी-डंडे से हमला, डायल 112 पुलिस पर भी लगे आरोप

Hajipur Assault News: वैशाली के महुआ थाना क्षेत्र में बकरी को लेकर हुए विवाद में एक दंपती पर कथित रूप से लाठी-डंडों से हमला किया गया. दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
Hajipur Assault News: वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र स्थित वाया नदी पुल के पास बुधवार रात पारिवारिक विवाद हिंसक हो गया. आरोप है कि बकरी को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद एक दंपती पर लाठी-डंडों से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
छोटे भाई पर हमला करने का आरोप
घायल संजय पासवान और उनकी पत्नी ममता देवी, दोनों मुकुंदपुर गांव के निवासी हैं. परिजनों के अनुसार, बुधवार रात करीब 9 बजे संजय पासवान के छोटे भाई ने दोनों का पीछा कर वाया नदी पुल के पास लाठी-डंडों से हमला कर दिया. हमले में दोनों के सिर पर गंभीर चोटें आईं.
बकरी को लेकर शुरू हुआ था विवाद
बताया जा रहा है कि बकरी द्वारा हरी मिर्च की फसल खा लेने को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद हुआ था. देखते ही देखते यह विवाद हिंसक हो गया और मारपीट की घटना में बदल गया. घायल दंपती के नाबालिग बेटे ने घटना की जानकारी देते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
डायल 112 पुलिस पर भी लगे आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना के दौरान डायल-112 की पुलिस मौके से गुजरी, लेकिन घायल दंपती को अस्पताल पहुंचाने के बजाय आगे बढ़ गई. इसको लेकर लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी जताई. हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
पुलिस से कार्रवाई की मांग
घायल पक्ष ने महुआ थानाध्यक्ष और वैशाली पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










