हाजीपुर: नामीडीह में चोरों का तांडव, एक ही रात में दो घरों को बनाया निशाना, लाखों की संपत्ति चोरी

Updated:
विज्ञापन
नामीडीह में चोरों का तांडव, एक ही रात दो घरों को बनाया निशाना, लाखों की संपत्ति चोरी

चोरी की घटना की जानकारी पर जांच करने पहुंची पुलिस | Prabhat Khabar Network

लालगंज थाना क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात दो घरों को निशाना बनाया. लाखों रुपये की नकदी, जेवरात और कीमती सामान चोरी हो गए. इस घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है.

विज्ञापन

Hajipur News : लालगंज थाना क्षेत्र के नामीडीह गांव में गुरुवार देर रात अज्ञात चोरों ने दो अलग-अलग घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये मूल्य की नकदी, जेवरात और अन्य कीमती सामान की चोरी कर ली. सुबह घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया. लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत है और पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं.

सोते रहे परिजन, चोर समेट ले गए कीमती सामान

पहली घटना प्रेम कुमार सिंह के छोटे भाई के घर में हुई. देर रात परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे. इसी दौरान चोर घर में घुस गए और कमरे में रखे जेवरात, नकदी तथा अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए. सुबह नींद खुलने पर घर का सामान बिखरा मिला, जिसके बाद चोरी की जानकारी हुई.

दूसरे घर को भी बनाया निशाना

इसी रात गांव के ही प्रमोद कुमार सिंह के पुत्र गोलू कुमार के घर में भी चोरी की वारदात हुई. चोरों ने घर में घुसकर नकद राशि, आभूषण और अन्य मूल्यवान सामान पर हाथ साफ कर दिया. दोनों परिवारों ने लाखों रुपये की संपत्ति चोरी होने की आशंका जताई है. चोरी गए सामान का आकलन किया जा रहा है.

घटना के बाद गांव में जुटी भीड़

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर लालगंज थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और दोनों घरों का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी एकत्र कर रही है. ग्रामीणों का कहना है कि हाल के दिनों में क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ी हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.

जल्द होगा खुलासा : थानाध्यक्ष

लालगंज थानाध्यक्ष मनमोहन कुमार ने बताया कि चोरी की घटना की सूचना मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई है. आसपास के संभावित मार्गों और संदिग्ध गतिविधियों की भी पड़ताल की जा रही है. उन्होंने कहा कि मामले का जल्द खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है


विज्ञापन
Sushil Kumar Sing

लेखक के बारे में

By Sushil Kumar Sing

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन