वैशाली: महनार में युवाओं ने पेश की अनूठी मिसाल, पॉकेट मनी से पैसे जुटाकर मुख्य सड़क के खतरनाक गड्ढे को भरा

Updated:
विज्ञापन

महनार बाजार के पोस्ट आफिस के सामने सड़क बने गड्ढे को युवाओं ने भड़ा | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

महनार, वैशाली में सड़क पर बने एक बड़े गड्ढे के कारण ई-रिक्शा पलटने की घटनाओं से परेशान स्थानीय युवाओं ने खुद ही मोर्चा संभाला. अपनी पॉकेट मनी से पैसे जुटाकर उन्होंने गड्ढे को भरकर राहगीरों को बड़ी राहत दी है.

विज्ञापन

Vaishali News: वैशाली जिले के महनार बाजार स्थित मुख्य सड़क पर पोस्ट ऑफिस के सामने बना बड़ा गड्ढा लंबे समय से राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ था. इस जानलेवा गड्ढे में आए दिन ई-रिक्शा (टोटो) पलटने से यात्री और चालक घायल हो रहे थे, लेकिन बार-बार की शिकायतों और वीडियो वायरल होने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई थी. शनिवार को महनार के जागरूक युवाओं और सोशल मीडिया क्रिएटर्स ने मिलकर एक सराहनीय पहल की. उन्होंने अपनी पॉकेट मनी से पैसे इकट्ठा कर बालू, सीमेंट और गिट्टी से गड्ढे को भरकर सड़क को समतल कर दिया, जिससे आम जनता को बड़ी राहत मिली है.

विज्ञापन

टोटो पलटने से लगातार घायल हो रहे थे यात्री

स्थानीय निवासियों और युवाओं ने बताया कि पोस्ट ऑफिस के सामने बने इस विशाल गड्ढे के कारण रोजाना दुर्घटनाएं हो रही थीं. खासकर टोटो असंतुलित होकर पलट जाते थे, जिससे कई लोग चोटिल हो चुके थे. टोटो पलटने के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हुए थे, जिसके बाद भी स्थानीय प्रशासन या राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया. अधिकारियों की इस अनदेखी के बाद क्षेत्र के युवाओं ने खुद ही समस्या का समाधान निकालने का फैसला किया.

पॉकेट मनी जुटाकर बालू, सीमेंट और गिट्टी से भरा गड्ढा

सड़क दुरुस्त करने की इस मुहिम में सोशल मीडिया से जुड़े युवाओं और स्थानीय क्रिएटर्स ने अपनी पॉकेट मनी से राशि जुटाकर बालू, गिट्टी और सीमेंट का इंतजाम किया. इसके बाद खुद श्रमदान करते हुए गड्ढे को पक्के तरीके से भरकर सड़क को चलने लायक बनाया. इस सामाजिक कार्य में सन्नी कुमार, आशीष कुमार, रौशन कुमार, नितेश कुमार, प्रियांशु कुमार और छोटू कुमार समेत कई अन्य युवाओं ने मुख्य रूप से योगदान दिया.

युवाओं ने कहा- आलोचना नहीं, तुरंत राहत देना था उद्देश्य

गड्ढा भरने वाले युवाओं ने बताया कि उनका उद्देश्य किसी प्रशासनिक विभाग की आलोचना करना या विरोध दर्ज कराना नहीं है, बल्कि राहगीरों व यात्रियों को हो रही लगातार परेशानी और रोजाना होने वाले हादसों से तुरंत निजात दिलाना था. युवाओं की इस अनूठी और निस्वार्थ पहल की पूरे महनार बाजार और आसपास के इलाकों में जमकर तारीफ हो रही है. स्थानीय लोगों ने कहा कि जो काम जिम्मेदार विभागों को करना चाहिए था, उसे युवाओं ने अपनी पॉकेट मनी से कर दिखाया है.

Also Read: वैशाली: महनार जनसुनवाई में उमड़ी फरियादियों की भीड़, विधायक उमेश सिंह कुशवाहा ने सुनी लोगों की समस्याएं


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन