पातेपुर में 21 वर्षीय युवक की मौत, किशोरी अपहरण मामले में था आरोपित, पुलिस जांच में जुटी
मृतक के रोते बिलखते परिजन
खेसराही गांव में एक 21 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. युवक किशोरी अपहरण मामले में आरोपित था और पुलिस मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है.
Hajipur Kidnapping Case: पातेपुर थाना क्षेत्र के नगर पंचायत अंतर्गत खेसराही गांव में शुक्रवार की रात एक 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान खेसराही गांव निवासी अनिल सिंह के पुत्र आशीष कुमार के रूप में हुई है. बताया गया कि वह मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना में दर्ज किशोरी के अपहरण मामले में आरोपित था. घटना की सूचना मिलने के बाद पातेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया.
घर में युवक के मिलने के बाद मची अफरातफरी
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार की रात आशीष घर में था. बाद में जब घर बंद मिला और काफी देर तक कोई गतिविधि नजर नहीं आई, तो परिजनों ने इसकी जानकारी लेने का प्रयास किया. इसके बाद युवक को घर के अंदर मृत पाया गया. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर की कार्रवाई
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रौशन कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने परिजनों से आवश्यक पूछताछ की और कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया. एफएसएल की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए. बताया गया कि आशीष तीन भाइयों में सबसे छोटा था और जेसीबी चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था.
सकरा थाना में दर्ज था किशोरी के अपहरण का मामला
बताया गया कि आशीष मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र स्थित एक चिमनी भट्ठा में जेसीबी चलाता था. इसी दौरान उसकी एक लड़की से पहचान हुई थी. करीब एक सप्ताह पूर्व दोनों के घर से चले जाने के बाद लड़की के परिजनों ने आशीष के विरुद्ध सकरा थाना में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी. परिजनों के अनुसार, दोनों ने शादी कर ली थी. बाद में पुलिस की कार्रवाई के दौरान दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया था.
कोर्ट में दर्ज हुआ था लड़की का बयान
ग्रामीणों के अनुसार, मामले में संबंधित लड़की का मुजफ्फरपुर कोर्ट में धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराया गया था. इसके बाद न्यायालय के आदेश पर लड़की को उसके परिजनों के साथ भेज दिया गया था. युवक की मौत के कारणों को लेकर अलग-अलग आशंकाएं जताई जा रही हैं. हालांकि, मौत के वास्तविक कारण का पता पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.
क्या कहती है पुलिस
पातेपुर थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि खेसराही गांव में एक युवक की मौत की सूचना मिली थी. एफएसएल की टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं. शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया गया है. परिजनों की ओर से अभी कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है. आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Also Read : रोहतास चंदेश्वर हत्याकांड: पीड़ित परिवार से मिले तेजस्वी यादव, बोले- न्याय के लिए DGP से करेंगे बात
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











