हाजीपुर: इस्माइलपुर में बाउंड्री निर्माण के दौरान बदमाशों ने की फायरिंग, युवक घायल, एक आरोपी धराया

Updated:
विज्ञापन

घायल से जानकारी लेते हुए नगर थाना प्रभारी | Prabhat Khabar Network

हाजीपुर के इस्माइलपुर में जमीन विवाद को लेकर बाउंड्री निर्माण के दौरान फायरिंग, एक व्यक्ति घायल, पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार।

विज्ञापन

Hajipur Crime News : वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत इस्माइलपुर गांव में जमीन की चहारदीवारी कराने को लेकर हुए मंगलवार को विवाद हो गया. दो पक्षों के बीच हुई तीखी नोकझोंक के दौरान बात विवाद इतना बढ़ गया कि बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी. इस गोलीबारी में बाउंड्री करवा रहे एक व्यक्ति के बाएं पैर में गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा. दिनदहाड़े हुई इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और भारी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई.

निजी जमीन पर निर्माण के दौरान हुआ विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल राहुल कुमार अपने निजी जमीन पर बाउंड्री वॉल का निर्माण करवा रहे थे. घायलों और परिजनों ने बताया कि अशोक सिंह के पुत्र आशुतोष, अजय सिंह के पुत्र किशन कुमार और राम सिंहासन सिंह के पुत्र अशोक सिंह समेत अन्य लोग वहां पहुंचे और निर्माण कार्य का विरोध करते हुए हंगामा करने लगे. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि विरोधी पक्ष के लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी. बदमाशों द्वारा चलाई गई एक गोली राहुल कुमार के बाएं पैर में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर नीचे गिर पड़े. घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए.

लोगों ने घायल को पहुंचाया सदर अस्पताल

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों के सहयोग से घायल राहुल कुमार को आनन-फानन में इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल लाया गया. अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया. चिकित्सकों के अनुसार, समय पर अस्पताल पहुंच जाने के कारण घायल राहुल कुमार अब खतरे से बाहर हैं और उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है.

पुलिस महकमे में हड़कंप, प्रशासनिक गतिविधियां तेज

वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय बिदुपुर थाने की पुलिस तुरंत हरकत में आई और घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की गहन छानबीन शुरू कर दी. घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर थानाध्यक्ष सिकंदर कुमार भी तुरंत सदर अस्पताल पहुंचे. उन्होंने वहां पहुंचकर घायल राहुल कुमार और उनके परिजनों से पूरी घटना की विस्तृत जानकारी ली और उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया.

फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

बिदुपुर थाना अध्यक्ष रवि प्रकाश ने बताया कि जमीन के पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी की यह घटना हुई है, जिसमें एक व्यक्ति के पैर में गोली लगी है. घायल व्यक्ति का इलाज हाजीपुर सदर अस्पताल में चल रहा है और डॉक्टरों की टीम के मुताबिक वह पूरी तरह खतरे से बाहर है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिससे फिलहाल पूछताछ की जा रही है. अन्य फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.

इसे भी पढ़े : वैशाली: महुआ में डॉक्टर दंपती की अनूठी पहल, गरीब महिलाओं और बच्चों को कराया मां भवानी का दर्शन



विज्ञापन
अभिषेक कुमार

लेखक के बारे में

By अभिषेक कुमार

अभिषेक कुमार 9 साल से पत्रकारिता कर रहे हैं. इनकी सबसे अच्छी पकड़ क्राइम और राजनीति की खबरों पर है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन