राजकीय पॉलिटेक्निक वैशाली और नांदी फाउंडेशन के बीच एमओयू, छात्रों को मिलेगा सॉफ्ट स्किल्स व प्लेसमेंट ट्रेनिंग

Updated:
विज्ञापन

राजकीय पॉलिटेक्निक, वैशाली ने कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए नांदी फाउंडेशन के साथ एमओयू किया है. इस साझेदारी से छात्रों को तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ सॉफ्ट स्किल्स, संचार कौशल और साक्षात्कार की तैयारी का प्रशिक्षण मिलेगा, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे.

विज्ञापन

Government Polytechnic Vaishali: तकनीकी शिक्षा हासिल कर रहे विद्यार्थियों को उद्योग जगत की मांग के अनुरूप तैयार करने की दिशा में राजकीय पॉलिटेक्निक, वैशाली ने पहल की है. विद्यार्थियों के कौशल विकास, व्यक्तित्व निखारने और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजकीय पॉलिटेक्निक, वैशाली एवं महिंद्रा प्राइड क्लासरूम नांदी फाउंडेशन के बीच शुक्रवार को समझौता ज्ञापन यानी एमओयू पर हस्ताक्षर किया गया. इस साझेदारी के तहत संस्थान के विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के साथ रोजगार के लिए जरूरी सॉफ्ट स्किल्स, संचार कौशल, व्यक्तित्व विकास और साक्षात्कार की तैयारी का प्रशिक्षण दिया जाएगा.

संस्थान और नांदी फाउंडेशन के अधिकारियों ने किया एमओयू पर हस्ताक्षर

एमओयू हस्ताक्षर समारोह में महिंद्रा प्राइड क्लासरूम नांदी फाउंडेशन की ओर से बिहार ट्रेनिंग कोऑर्डिनेटर कुमार संदीप ज्योति एवं ईस्ट जोन रीजनल मैनेजर मृत्युंजय कुमार मौजूद रहे. वहीं संस्थान की ओर से प्राचार्य साकिब रजा एवं प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट पदाधिकारी जितेश कुमार की उपस्थिति में समझौते पर हस्ताक्षर किए गए.

इस अवसर पर प्राचार्य साकिब रजा ने कहा कि वर्तमान समय में केवल तकनीकी डिग्री या प्रमाणपत्र रोजगार के लिए पर्याप्त नहीं है. विद्यार्थियों में तकनीकी दक्षता के साथ संवाद करने की क्षमता, आत्मविश्वास, पेशेवर व्यवहार और साक्षात्कार का सामना करने का हुनर भी जरूरी है. उन्होंने कहा कि महिंद्रा प्राइड क्लासरूम के साथ यह साझेदारी विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास और बेहतर रोजगार अवसरों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी.

उद्योगों की जरूरत के अनुरूप तैयार होंगे विद्यार्थी

प्राचार्य ने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को उद्योगों की अपेक्षाओं के अनुरूप तैयार किया जाएगा. इससे पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्हें रोजगार प्राप्त करने में सहूलियत होगी. वहीं नांदी फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, जीवन कौशल, संचार दक्षता, व्यक्तित्व विकास एवं प्लेसमेंट सहयोग उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जतायी.

करियर की राह होगी आसान

एमओयू के तहत विद्यार्थियों को सॉफ्ट स्किल्स, कम्युनिकेशन स्किल, इंटरव्यू प्रिपरेशन, व्यक्तित्व विकास और करियर मार्गदर्शन जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिए जाने की योजना है. इससे विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे प्रतियोगी रोजगार बाजार में बेहतर तरीके से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे. संस्थान एवं नांदी फाउंडेशन के अधिकारियों ने उम्मीद जतायी कि यह साझेदारी तकनीकी शिक्षा को रोजगार से जोड़ने के साथ विद्यार्थियों के लिए करियर के नए द्वार खोलेगी.

Also Read: बिहार के 18 शहरों के लिए चलाई जायेंगी बसें, पटना से किशनगंज तक पहुंचना होगा बेहद आसान, जानिए प्लानिंग


विज्ञापन
विनय पटेल

लेखक के बारे में

By विनय पटेल

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन