किसी भी आपराधिक गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें : एसपी

Author Deepak Raj
Updated:
विज्ञापन
किसी भी आपराधिक गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें : एसपी

थाना परिसर में मंगलवार को पुलिस-पब्लिक संवाद गोष्ठी का आयोजन किया गया.

विज्ञापन

वैशाली: थाना परिसर में मंगलवार को पुलिस-पब्लिक संवाद गोष्ठी का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में प्रखंड क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों व आम लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं रखी, जिन्हें गंभीरता से सुनते हुए पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग ने समाधान करने का आश्वासन दिया. गोष्ठी में लोगों ने भूमि विवाद, आपसी मारपीट, यातायात व्यवस्था, साइबर ठगी और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों से संबंधित कई मामलों को उठाया. एसपी ने संबंधित पदाधिकारियों को इन मामलों के त्वरित, निष्पक्ष व समयबद्ध निष्पादन के लिए आवश्यक निर्देश दिया. गोष्ठी में वैशाली पंचायत के सरपंच अरुण मिश्रा ने क्षेत्र के होटलों में अनैतिक गतिविधियों पर कार्रवाई की मांग की, वहीं महमदपुर मनोरथ की कृष्णा देवी ने अपने साथ हुई मारपीट की घटना मामले में कार्रवाई की मांग की. कमतौलिया निवासी महताब आलम ने क्षेत्र में जुआ और ताश का खेल होने की शिकायत की. पंचायत समिति सदस्य सुरेंद्र राम ने जतकौली पंचायत के चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरा लगाने की जरूरत बतायी. मादक पदार्थों की बिक्री पर रोक की मांग : अबुलहसनपुर के रहने वाले प्रकाश सिंह ने सूखा नशा और वाहन चोरी की समस्या रखी. अमृतपुर के सरपंच रामेश्वर चौधरी एवं दाउदनगर के सरपंच घनश्याम साह ने शराब कारोबार पर कड़ी कार्रवाई की मांग की. मुखिया ई. रहमानी ने मादक पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने की बात कही, साथ ही हाट बाजार में होने वाली मोबाइल चोरी की घटना पर रोक लगाने की बात कही. जबकि मदरना मुखिया सुनील साह ने स्कूल आने-जाने वाली छात्राओं की सुरक्षा के लिए गश्ती बढ़ाने की मांग की. सलेमपुर मुखिया संजीव कुमार ने भी शराब कारोबार की शिकायत की. चंद्र भूषण चौबे ने हनुमत ध्वज में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की मांग रखी. पदाधिकारियों को रात्रि गश्ती बढ़ाने के निर्देश : एसपी विक्रम सिहाग ने कहा कि एक दर्जन से अधिक समस्याएं सामने आई है, जिनका समाधान संबंधित पदाधिकारियों से समन्वय बनाकर किया जाएगा. शराब, सूखा नशा व पेट्रोलिंग को लेकर विशेष योजना बनाकर कार्रवाई की जाएगी. होटलों में अनैतिक कार्यों पर इन्होंने कहा कि पूर्व में भी छापेमारी की गई है और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. साथ ही उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, रात्रि गश्ती बढ़ाने तथा आम लोगों की शिकायतों के समाधान में संवेदनशीलता एवं तत्परता बरती जाये व स्थानीय लोगों से अपील की गयी कि किसी भी आपराधिक गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके. मौके पर थाना अध्यक्ष राज कुमार सहित सभी पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे.

विज्ञापन
Deepak Raj

लेखक के बारे में

By Deepak Raj

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन