हवलदार अनुदेशक भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में वैशाली के दो आरोपी गिरफ्तार, कई दस्तावेेज मिले

गिरफ्तार अभिषेक | Prabhat Khabar Network
हाजीपुर में हवलदार अनुदेशक भर्ती परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले में आर्थिक अपराध इकाई ने बड़ी कार्रवाई की है. वैशाली जिले से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड और उत्तर पत्रक बरामद हुए हैं. यह गिरोह परीक्षाओं में गड़बड़ी फैला रहा था.
Havildar Instructor Recruitment Examination : हाजीपुर में गृह रक्षा वाहिनी सेवा संवर्ग के अधिनायक अनुदेशक एवं हवलदार अनुदेशक भर्ती परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले में आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वैशाली जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इससे पहले इस मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है. शुक्रवार देर रात ईओयू की टीम स्थानीय पुलिस के सहयोग से हाजीपुर पहुंची और छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों के मोबाइल फोन से कई अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड, उत्तर पत्रक और अन्य संदिग्ध दस्तावेज बरामद हुए हैं. इस संबंध में आर्थिक अपराध थाना में मामला दर्ज है.
पूछताछ में खुला परीक्षा में गड़बड़ी का राज
पुलिस के अनुसार, नगर थाना हाजीपुर में दर्ज कांड संख्या-368/2026 की जांच के दौरान सूचना मिली थी कि राज समदर्शी 29 जुलाई को आयोजित हवलदार अनुदेशक परीक्षा में टाउन हाई स्कूल परीक्षा केंद्र पर अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने वाला है. पुलिस ने उसे परीक्षा केंद्र के पास से हिरासत में लिया. पूछताछ में उसने परीक्षा में गड़बड़ी की बात स्वीकार करते हुए अपने सहयोगी अभिषेक कुमार का नाम बताया. उसने यह भी स्वीकार किया कि अप्रैल 2026 में आयोजित एईडीओ परीक्षा में भी उसने इसी तरह अनुचित साधनों का इस्तेमाल किया था.
मोबाइल जांच में मिले अहम साक्ष्य
राज समदर्शी और अभिषेक कुमार के मोबाइल फोन की तकनीकी जांच में कई अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड, उत्तर पत्रक और अन्य संदिग्ध दस्तावेज मिले. इसके आधार पर जांच का दायरा बढ़ाया गया.
घर से दबोचे गए दोनों आरोपी
ईओयू की टीम ने सदर थाना क्षेत्र के सैदपुर रजौली निवासी अभिषेक कुमार को उसके घर से गिरफ्तार किया. उसकी निशानदेही पर कटरा मोहल्ला निवासी नितेश कुमार को भी गिरफ्तार किया गया. नितेश परीक्षा में बायोमेट्रिक सुपरवाइजर के रूप में कार्यरत था. जांच में सामने आया है कि उसी के माध्यम से राज समदर्शी तक प्रश्नपत्र के उत्तर पहुंचाने की योजना थी. गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को पटना ले जाया गया.
बिहार लोक परीक्षा अधिनियम के तहत केस दर्ज
संकलित साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर गिरफ्तार दोनों आरोपियों समेत चार अन्य नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध बिहार लोक परीक्षा अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. दोनों आरोपियों को 31 जुलाई को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
संगठित गिरोह पर जारी रहेगी कार्रवाई
आर्थिक अपराध इकाई ने कहा है कि प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक कराने वाले संगठित गिरोहों और इससे अवैध लाभ कमाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी. मामले की गहन जांच की जा रही है और अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By Abhishek Kumar
अभिषेक कुमार मैं 9 साल से पत्रकारिता कर रहा हूं नेशनल मीडिया चैनल में के साथ काम किया हूं मेरी सबसे अच्छा पकड़ क्राइम की खबर और राजनीतिक की खबर पर है वहीं दैनिक अखबारी के डिजिटल बिग में भी काम कर चुका हूं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










