हाजीपुर में हथसारगंज ओपी के मुख्य द्वार पर जलजमाव से बढ़ी परेशानी, नाला सफाई पर उठे सवाल

हथसारगंज ओपी का मुख्य द्वार पानी में डूबा
Hajipur waterlogging : हाजीपुर नगर परिषद क्षेत्र में जलजमाव की समस्या ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। हथसारगंज ओपी के पास सड़क पर पानी भरने से आवागमन बाधित है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है. नाला सफाई और मरम्मत की मांग जोर पकड़ रही है.
Hajipur waterlogging : हाजीपुर नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-1 स्थित हथसारगंज ओपी के मुख्य द्वार पर जलजमाव की समस्या से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. हल्की बारिश के बाद ही सड़क पर पानी भर जाने से नगर परिषद की जल निकासी व्यवस्था और नाला सफाई अभियान पर सवाल उठने लगे हैं.
छात्र-छात्राओं और पुलिसकर्मियों को हो रही परेशानी
हथसारगंज ओपी जाने वाले मार्ग पर जमुनी लाल महाविद्यालय भी स्थित है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों छात्र-छात्राओं का आवागमन होता है. सड़क पर जलजमाव के कारण उन्हें गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है. वहीं ओपी आने-जाने वाले पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि हल्की बारिश के बाद भी सड़क पर पानी जमा हो जाता है, जिससे आवागमन बाधित हो जाता है.
क्षतिग्रस्त नाला बना जलजमाव की वजह
स्थानीय निवासी मुनचुन राय ने बताया कि हथसारगंज ओपी जाने वाली सड़क के किनारे काफी पहले नाले का निर्माण कराया गया था, लेकिन समय पर उसकी सफाई नहीं होने के कारण कई स्थानों पर नाला क्षतिग्रस्त होकर बंद हो गया है. इसी वजह से बारिश के दौरान पानी की निकासी नहीं हो पाती और सड़क पर जलजमाव हो जाता है.
कई बार शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नाला की सफाई और क्षतिग्रस्त हिस्सों के जीर्णोद्धार के लिए कई बार नगर परिषद प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. उनका कहना है कि न तो स्थानीय पार्षद ने पहल की और न ही नगर परिषद प्रशासन ने समस्या के समाधान के लिए कदम उठाए.
रोजाना हो रहे हादसे
स्थानीय लोगों के अनुसार करीब 200 मीटर सड़क का हिस्सा बारिश के दिनों में पानी में डूबा रहता है. जलजमाव के कारण प्रतिदिन ई-रिक्शा और बाइक चालक फिसलकर गिर रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है. स्थानीय लोगों ने नगर परिषद से जल्द नाला की सफाई और मरम्मत कराने की मांग की है.
इसे भी पढ़ें: बिहार में शुरू हुई हेली-एयर टूरिज्म सेवा, पटना से राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर जाने पर मिलेगी सब्सिडी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











