वैशाली में डीएम वर्षा सिंह के निर्देशन में हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियां तेज, जीविका दीदियां तैयार कर रहीं राष्ट्रध्वज
जीविका दीदिया तैयार कर रहीं राष्ट्रध्वज| Prabhat Khabar Network
वैशाली में हर घर तिरंगा अभियान के तहत जीविका दीदियां राष्ट्रध्वज तैयार कर रही हैं. डीएम ने लोगों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है.
Hajipur News: वैशाली जिले में स्वतंत्रता दिवस तथा 'वंदे मातरम' के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 9 से 17 अगस्त तक संचालित किए जा रहे 'हर घर तिरंगा' अभियान को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं. जिला अधिकारी (डीएम) वर्षा सिंह के स्पष्ट दिशा-निर्देशों के तहत जिले की जीविका दीदियां पूरी निष्ठा और उत्साह के साथ राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा तैयार करने के कार्य में जुटी हुई हैं. जीविका समूहों का यह अभिनव प्रयास 'हर घर तिरंगा' के संकल्प को धरातल पर साकार करने के साथ-साथ महिला स्वावलंबन और आर्थिक सशक्तिकरण की एक बेहतरीन मिसाल पेश कर रहा है.
तिरंगा निर्माण में मानकों और गरिमा का रखा जा रहा विशेष ध्यान
हर घर तिरंगा अभियान को गति देने और जिले में राष्ट्रीय ध्वज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने में जीविका समूहों की दीदियां अग्रणी भूमिका निभा रही हैं. महिलाएं सामूहिक रूप से तिरंगे की कटाई, सिलाई और अंतिम फिनिशिंग का कार्य कर रही हैं। तिरंगा तैयार करते समय फ्लैग कोड के तहत निर्धारित मानकों, कपड़ों की गुणवत्ता और राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है. जीविका दीदियों का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय महापर्व के लिए तिरंगा बनाना उनके लिए न केवल आजीविका का साधन है, बल्कि यह उनके लिए अत्यंत गर्व और सम्मान का विषय भी है.
महिला सशक्तिकरण के साथ राष्ट्रभक्ति की अलख
जीविका द्वारा किया जा रहा यह कार्य महिला सशक्तिकरण और राष्ट्रभक्ति के दोहरे उद्देश्य को एक साथ पूरा कर रहा है. इससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र की महिलाओं को अपने हुनर के जरिए आर्थिक रूप से मजबूत होने का अवसर मिल रहा है. उनके द्वारा निर्मित किया जा रहा हर एक तिरंगा स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जिले के घर-घर में देशभक्ति का संदेश फैलाएगा.
डीएम ने की 9 से 17 अगस्त तक अभियान में जुड़ने की अपील
जिला प्रशासन की ओर से डीएम वर्षा सिंह ने जिले के सभी नागरिकों, व्यापारियों, युवाओं और जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे 9 से 17 अगस्त तक चलने वाले 'हर घर तिरंगा' अभियान में बढ़-चढ़कर अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें. उन्होंने सभी जिलेवासियों से अपने-अपने घरों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और निजी संस्थानों पर नियम अनुसार और सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने का आह्वान किया है.
Also Read: हाजीपुर में कांवड़िया मार्ग में घुसे 4 ट्रक, यातायात पुलिस ने लगाया 10 हजार का जुर्माना
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











